तम्बाकू निषेध की ली शपथ
टोंक । निरोगी राजस्थान की संकल्पना को पूर्ण करने एवं युवाओं में फैली नशे की लत को रोकने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी 31 जुलाई तक टोबैको फ्री यूथ कैंपेन के अंतर्गत लगातार विभिन्न गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एस. अग्रवाल ने बताया कि टोबैको फ्री यूथ कैंपेन के अंतर्गत गुरुवार को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मौजूद एएनएम ट्रेनिंग की छात्राओं एवं नर्सिंग शिक्षकों को तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने एवं औरों को भी तंबाकू का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महबूब खान ने बताया कि तंबाकू उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। जिम्मेदार नागरिक के रूप में हम सभी को तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करना है । इस मौके पर टोबैको फ्री यूथ कैंपेन के अंतर्गत की जाने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर नर्सिंग शिक्षक राधाकृष्ण सोनी, सलमान खान, जयप्रकाश जैन एवं पूर्ति जैन आदि मौजूद थे।