Dark Mode
ट्रेविस हेड बोले- टेस्ट में ओपनिंग मेरे लिए सही भूमिका

ट्रेविस हेड बोले- टेस्ट में ओपनिंग मेरे लिए सही भूमिका

 

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज के तौर पर आगे भी खेलने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि वह टॉप ऑर्डर में टीम के लिए प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं और अपनी मौजूदा बल्लेबाजी को लेकर काफी सहज हैं।

हेड का टेस्ट ओपनिंग का सफर इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में उस समय अहम मोड़ पर पहुंचा, जब पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में उस्मान ख्वाजा चोटिल हो गए। इसके बाद हेड को पारी की शुरुआत करने का मौका मिला और उन्होंने इस अवसर को शानदार अंदाज में भुनाया।

पर्थ में उन्होंने महज 83 गेंदों पर 123 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को दो दिन के भीतर हरा दिया। इसके बाद एडिलेड और सिडनी में भी हेड ने शतक लगाए और पूरी एशेज सीरीज में 629 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन के बाद टेस्ट टीम में बतौर ओपनर हेड की भूमिका मजबूत मानी जा रही है। ऑस्ट्रेलिया के आने वाले व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए उनकी जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो सकती है। टीम अगले दौर में 20 टेस्ट तक खेल सकती है, जबकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने पर यह संख्या 21 तक जा सकती है।

हालांकि, हेड खुद मानते हैं कि उनका फर्स्ट-क्लास करियर पारंपरिक ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज की तस्वीर से अलग रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 170-180 फर्स्ट-क्लास मैच खेलने के बावजूद उन्होंने केवल लगभग 10 मुकाबलों में ही ओपनिंग की है।

ईएसपीएन क्रिकइंफो से बातचीत में हेड ने कहा कि वह पारंपरिक अर्थों में ऐसे ओपनर नहीं हैं, जो अपने करियर की शुरुआत से ही स्टेट क्रिकेट और टेस्ट स्तर पर पारी की शुरुआत करता आया हो। इसके बावजूद उनका मानना है कि उनका मौजूदा खेल टॉप ऑर्डर के लिए बिल्कुल उपयुक्त है।

हेड ने कहा कि नई गेंद के खिलाफ उन्हें लगातार मेहनत करनी होगी और गलतियां भी होंगी, लेकिन वह इससे परेशान नहीं हैं। उनका कहना है कि वह अपनी बल्लेबाजी को लेकर सहज हैं और बतौर सलामी बल्लेबाज अच्छी भूमिका निभा सकते हैं।

इस बीच हेड के लिए 2025/26 का अंतरराष्ट्रीय सीजन बेहद खास रहा। उन्होंने तीनों फॉर्मेट में 30 मैचों में कुल 1,437 रन बनाए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पुरस्कार समारोह में उन्हें लगातार दूसरे साल एलन बॉर्डर मेडल से सम्मानित किया गया।

हेड को 153 वोट मिले और उन्होंने अपने साउथ ऑस्ट्रेलिया के साथी तथा विकेटकीपर-बल्लेबाज एलेक्स कैरी को सिर्फ एक वोट से पीछे छोड़ा। कैरी को 152 वोट मिले और उन्होंने 24 मैचों में 1,079 रन बनाए।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!