जयपुर की पुरानी हवेली में मिला खजाना, 66.4 किलो चांदी के साथ 5 गिरफ्तार
जयपुर। विद्याधर का रास्ता स्थित पुरानी हवेली को तोड़ते समय मिले गुप्त खजाने को मालिक से छिपाकर खुर्द-बुर्द करने के मामले का माणक चौक थाना पुलिस ने करीब 10 माह बाद खुलासा किया है। पुलिस और डीएसटी नॉर्थ की संयुक्त टीम ने ठेकेदार समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66 किलो 400 ग्राम चांदी की दो सिल्लियां बरामद की हैं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने चांदी को जामडोली के पास जंगल में मिट्टी में दबाकर छिपा रखा था। पुलिस अब सोने के सिक्कों और अन्य चांदी के सिक्कों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि विद्याधर का रास्ता, त्रिपोलिया बाजार स्थित भवन संख्या-630 के मालिक राहुल सेठी ने पुरानी हवेली को तोड़कर नया भवन बनाने के लिए एक फर्म से एग्रीमेंट किया था। भवन की तुड़ाई का ठेका महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू खटीक को दिया गया था। मालिक ने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि तुड़ाई या खुदाई के दौरान कोई पुरानी धातु, सिक्के या अन्य कीमती सामान मिले तो उसे तत्काल सौंपा जाए।
सिल्लियां, सोने के सिक्के और हजारों चांदी के सिक्के मिलने का दावा
पुलिस के अनुसार हवेली तोड़ने के दौरान ठेकेदार और उसके साथियों को बड़ी मात्रा में पुरानी चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्के और पुराने चांदी के सिक्के मिले। परिवादी ने 15 जुलाई 2026 को माणक चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में करीब 10 से 15 चांदी की सिल्लियां, प्रत्येक का वजन लगभग 40 से 45 किलो, 14 से 15 सोने के सिक्के/स्वर्ण मुद्राएं और 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के समेत अन्य कीमती सामान मिलने और उसे खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया गया।