Dark Mode
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए नियमित एवं तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए नियमित एवं तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

 

जोधपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 16वीं जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सफल एवं गुणवत्तापूर्ण संपादन के लिए नगर निगम एवं नगर पालिकाओं के चार्ज स्तर पर नियुक्त नियमित सहायकों एवं तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को किसान कॉम्प्लेक्स में प्रारंभ हुआ। 4 एवं 5 नवंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना के विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) श्री जवाहर चौधरी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा आगामी वर्षों की विकास योजनाओं का निर्माण किया जाता है तथा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण सहित विभिन्न नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण गंभीरता से ग्रहण करने तथा जनगणना की प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी प्राप्त कर चार्ज स्तर पर कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में नियुक्त प्रत्येक कार्मिक को अपने दायित्वों एवं प्रक्रिया पर पूर्ण नियंत्रण होना चाहिए, क्योंकि इस कार्य की उपयोगिता आगामी दस वर्षों की योजनाओं के निर्धारण से जुड़ी है। उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग श्रीमती मीनाक्षी चौधरी ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना-2027 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संपूर्ण जनगणना कार्य का प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग निर्धारित सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। इसके पश्चात 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं, 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण चरण प्रस्तावित है। श्रीमती चौधरी ने चार्ज स्तर पर जनगणना से संबंधित किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी देते हुए क्षेत्र प्रशिक्षकों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के दायित्वों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के प्रत्येक चरण में समन्वय, तकनीकी दक्षता एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

सीएमएमएस पोर्टल एवं तकनीकी मॉड्यूल का दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
जिले के मास्टर ट्रेनर श्री सुरेश चन्द मीणा एवं श्री सार्थक चड्ढा ने दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जनगणना के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों एवं उनके समाधान की जानकारी दी। उन्होंने प्रथम दिवस जनगणना के द्वितीय चरण की प्रक्रिया, नियुक्त अधिकारियों एवं कार्मिकों के प्रशासनिक दायित्वों तथा सीएमएमएस पीई मॉड्यूल के अंतर्गत ईबी निर्माण की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही प्रशिक्षण मॉड्यूल, एचएलबी से ईबी ब्लॉक तैयार करने तथा स्व-गणना की प्रक्रिया का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को जनगणना कार्य के तकनीकी पहलुओं एवं पोर्टल संचालन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है। इस अवसर पर जिला जनगणना प्रकोष्ठ में नियुक्त सांख्यिकी अधिकारी श्री योगेश कौशिक, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री रामु राम, सहायक प्रोग्रामर श्री हेमन्त, संगणक श्री नितेश गरवा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!