यूजीसी के जातिगत भेदभाव नियमों पर फिर होगा मंथन, केंद्र बनाएगा समिति
नई दिल्ली। विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने के उद्देश्य से बनाए गए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियम एक बार फिर चर्चा में हैं। इन नियमों को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को आश्वासन दिया है कि वह इनकी दोबारा समीक्षा करेगी। इसके लिए एक समिति गठित करने पर भी विचार किया जा रहा है।
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन कार्यवाही टल गई। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि यूजीसी के नए नियमों पर पुनर्विचार किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समीक्षा प्रक्रिया में किसी भी वर्ग के छात्रों के हितों की अनदेखी नहीं होगी।
सरकार ने अदालत को यह भी आश्वस्त किया कि नियमों का ऐसा स्वरूप सुनिश्चित करने का प्रयास होगा, जिससे किसी भी वर्ग का विद्यार्थी खुद को असुरक्षित, भयभीत या उपेक्षित महसूस न करे। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने भी कहा कि उच्च शिक्षा से जुड़े नियम बनाते समय देश की युवा पीढ़ी के हितों और भावनाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। हर छात्र के अधिकारों और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है।
क्या है पूरा विवाद?
यह मामला विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देना) विनियम, 2026 से जुड़ा है। इन नियमों को 13 जनवरी 2026 को अधिसूचित किया गया था। सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में इसके प्रावधान 3(सी) को चुनौती दी गई है।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि संबंधित प्रावधान मनमाना और भेदभावपूर्ण है। इससे कुछ वर्गों के विद्यार्थियों के साथ असमान व्यवहार होने और उनके उच्च शिक्षा के अवसर प्रभावित होने की आशंका है। याचिका में दावा किया गया है कि यह प्रावधान संविधान के तहत मिले समानता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मौलिक अधिकारों के विपरीत है।
याचिका में यूजीसी अधिनियम, 1956 का भी हवाला दिया गया है। इसमें कहा गया है कि विवादित प्रावधान कानून की मूल भावना के अनुरूप नहीं है और उच्च शिक्षा में सभी विद्यार्थियों को समान अवसर देने के उद्देश्य को प्रभावित कर सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट इन नियमों पर अंतरिम रोक लगा चुका है। साथ ही केंद्र सरकार और यूजीसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। अब केंद्र की ओर से समीक्षा का भरोसा दिए जाने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।