Dark Mode
ऋचा चड्ढा की ‘मुसाफिरी’ में खुलेंगी भारत के इतिहास की अनसुनी कहानियां

ऋचा चड्ढा की ‘मुसाफिरी’ में खुलेंगी भारत के इतिहास की अनसुनी कहानियां

मुंबई। अभिनेत्री और निर्माता ऋचा चड्ढा अब अपनी प्रोडक्शन कंपनी पुशिंग बटन्स स्टूडियोज के बैनर तले नई नॉन-फिक्शन सीरीज ‘मुसाफिरी’ लेकर आ रही हैं। इस प्रोजेक्ट के जरिए भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और इतिहास से जुड़ी उन कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी, जो आम तौर पर इतिहास की किताबों में ज्यादा जगह नहीं बना पातीं।

ऋचा के लिए इस सीरीज का विचार नया नहीं है। बचपन से इतिहास में दिलचस्पी रखने वाली अभिनेत्री ने बताया कि किताबों के अध्ययन, देशभर की यात्राओं और अलग-अलग लोगों से हुई बातचीत ने उन्हें इस तरह की सीरीज बनाने के लिए प्रेरित किया। उनका मानना है कि इतिहास केवल तारीखों और घटनाओं का सिलसिला नहीं, बल्कि समाज, लोगों, परंपराओं और संस्कृति की जीवंत कहानी है।

‘मुसाफिरी’ में भारत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले अलग-अलग स्थानों की यात्रा कराई जाएगी। सीरीज में केवल स्मारकों या खूबसूरत जगहों को दिखाने के बजाय वहां से जुड़ी स्थानीय कहानियों, लोगों की यादों और अनसुने किस्सों पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके जरिए देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक अलग नजरिए से पेश करने की कोशिश होगी।

ऋचा चड्ढा ने अपने इस प्रोजेक्ट के बारे में कहा कि बचपन से ही इतिहास उनका पसंदीदा विषय रहा है। उनके मुताबिक, इतिहास के जरिए लोगों, समाज और वर्तमान दुनिया को बेहतर तरीके से समझने का मौका मिलता है। समय के साथ यात्राओं और किताबों ने उनकी इस जिज्ञासा को और गहरा किया।

अभिनेत्री ने कहा कि वह ऐसी सीरीज बनाना चाहती थीं, जो सिर्फ शानदार इमारतों और ऐतिहासिक स्थलों तक सीमित न रहे। उनका उद्देश्य उन कहानियों और लोगों को भी सामने लाना है, जिनका योगदान अक्सर इतिहास के मुख्य पन्नों से बाहर रह जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत इतनी व्यापक है कि आज भी कई दिलचस्प कहानियां लोगों तक पहुंचने का इंतजार कर रही हैं।

ऋचा को उम्मीद है कि ‘मुसाफिरी’ देखने के बाद दर्शकों में देश के किसी स्थान, उसकी विरासत या उससे जुड़ी कहानी के बारे में और जानने की उत्सुकता पैदा होगी। उन्होंने कहा कि यदि सीरीज का कोई एपिसोड दर्शकों को किसी ऐतिहासिक स्थल के बारे में आगे पढ़ने या वहां जाने के लिए प्रेरित करता है, तो यही इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी सफलता होगी।

‘मुसाफिरी’ के जरिए पुशिंग बटन्स स्टूडियोज सार्थक और भावनात्मक कहानियों पर आधारित कंटेंट बनाने की अपनी पहल को आगे बढ़ा रहा है। सीरीज में भारत के इतिहास, संस्कृति और विरासत से जुड़े अनुभवों को नए अंदाज में दर्शकों के सामने रखने का प्रयास किया जाएगा।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!