Dark Mode
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान— भरतपुर जिला प्रभारी मंत्री ने जल पूजन कर जल संरक्षण कार्यों का किया निरीक्षण

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान— भरतपुर जिला प्रभारी मंत्री ने जल पूजन कर जल संरक्षण कार्यों का किया निरीक्षण

आमजन की भागीदारी से वंदे गंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनायें- जल संसाधन मंत्री

जयपुर। जल संसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत मंगलवार को जल पूजन कर भरतपुर जिले में चल रहे जल संरक्षण व जलनिकासी तंत्र के प्रगतिरत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अभियान में नौंह में भरतपुर शहर व बाणगंगा व रूपारेल नदी के एकत्रित अधिशेष जल निकासी के ड्रेन सफाई कार्य का भी निरीक्षण कर पौधारोपण किया। भरतपुर जिला प्रभारी मंत्री ने अटलबन्द गेट स्थित गणेश मन्दिर के पास नगर निगम द्वारा कराये जा रहे सीएफसीडी के ड्रेन निर्माण कार्य एवं जल स्रोतों की सफाई, जलकुंभी, संरचनात्मक अवरोध आदि के सफाई कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में वर्षा पूर्व सभी जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं वर्षाजल प्रवाह क्षेत्रों के अवरोधकों को हटाने के कार्य गुणवत्ता से कराया जाऐ। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में जल संरक्षण की परम्परा रही है, वर्षा पूर्व आमजन को भी जल बहाव क्षेत्र में कचरा नहीं डालने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने शहर में सीएफसीडी के सभी कार्यों को गति देते हुए गुणवत्ता से पूरा कराने के निर्देश दिए, जिससे शहर में पानी भराव की समस्या का स्थाई समाधान हो सके। जल संसाधन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में सभी विभाग सक्रियता से भागीदारी निभाते हुए आमजन को भी जल संरक्षण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने जल स्रोतों एवं बहाव क्षेत्र से अतिक्रमण हटाते हुए परम्परागत रूप से बने हुए जल मार्गों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के लिए अभी से प्लानिंग कर अधिकाधिक पौधा लगाने के लिए जन सहयोग से अभियान को सफल बनायें।


जल पूजन कर किया पौधारोपण
भरतपुर जिला प्रभारी मंत्री नौंह में मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के तहत मोती महल से बछामदी रोड ब्रिज तक मुख्य ड्रेन के जीणोद्धार कार्य का निरीक्षण कर जल पूजन करते हुए पौधारोपण किया। उन्होंने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में 25 मई से 5 जून तक चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में हमारी संस्कृति जीवंत हो रही है। उन्होंने कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है, ऐसे में जल संरक्षण की परम्परा से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल व पर्यावरण उपलब्ध करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की परम्परा शास्वत एवं शास्त्र सम्मत भी है इसके लिए सभी लोगों को आगे आकर स्वच्छा से भागीदार बनना होगा तभी जाकर यह अभियान जन-जन का बन पायेगा। उन्होंने उपस्थित जन समूह को आव्हान किया कि हरियालो राजस्थान में अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण व जल संरक्षण के महा अभियान में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भरतपुर में जल भराव की समस्या का स्थाई समाधान करते हुए करोड़ों के विकास कार्य कराये जा रहे हैं, आने वाले समय में भरतपुर विकास के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी पंक्ति में होगा। उन्होंने इस अवसर पर अशोक का पौधा लगाकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया एवं जन समूहों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शपथ दिलाई।


प्रभारी मंत्री ने वंदे गंगा अभियान में आमजन को पिलाया शीतल जल
जल संसाधन एवं प्रभारी मंत्री सुरेशसिंह रावत ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी विभाग द्वारा गणेश मन्दिर के सामने शीतल जल प्याऊ से आमजन को शीतल जल पिलाकर अभियान में भागीदारी का आव्हान किया। भरतपुर जिला प्रभारी मंत्री ने कहा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का उद्देश्य आमजन को जल के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण एवं जल संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि इसमे 21 से अधिक विभाग भागीदारी निभाते हुए विभिन्न आयोजन कर रहे हैं। सामाजिक नागरिक संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाएं व आमजन भी इसमे सहयोगी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों स्वच्छ एवं सुलभ जल की उपलब्धता हो इसके लिए संरक्षण की पहल सभी को मिलकर करनी होगी। उन्होंने जलदाय विभाग द्वारा नागरिकों को शीतल जल की उपलब्धता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आमलोगों को नियमित जलापूर्ति स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। अधिशीषी अभियन्ता जलदाय केशवदेव पांडेय ने बताया कि विभाग द्वारा हीरादास बस स्टैण्ड एवं प्रमुख स्थानों पर अभियान के तहत शीतल जल उपलब्ध कराया जा रहा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!