बारिश में भी नहीं रुका विक्की का फिटनेस जुनून, शेयर किया दमदार वीडियो
मुंबई। विक्की कौशल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि फिटनेस उनके लिए सिर्फ शौक नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है। मानसून के मौसम में भी अभिनेता ने अपनी ट्रेनिंग जारी रखी और सोशल मीडिया पर एक नया वर्कआउट वीडियो साझा कर फैंस को फिट रहने का संदेश दिया।
अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह 'बेयर क्रॉल' एक्सरसाइज करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, "नो डेज ऑफ", यानी फिटनेस के लिए कोई छुट्टी नहीं।
विक्की अपने अनुशासित फिटनेस रूटीन के लिए जाने जाते हैं और अक्सर जिम से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। उनका यह नया वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी मेहनत और समर्पण की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो विक्की ने 2015 में मसान से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने राजी, उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, सरदार उधम और सैम बहादुर जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय से अपनी अलग पहचान बनाई।
हाल ही में वह छावा में नजर आए थे, जहां उनके प्रदर्शन को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा। अब अभिनेता निर्देशक संजय लीला भंसाली की आगामी फिल्म लव एंड वॉर में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ नजर आएंगे।
निजी जीवन में विक्की ने दिसंबर 2021 में कैटरीना कैफ से राजस्थान में एक निजी समारोह में शादी की थी। अभिनेता की फिटनेस प्रेरणा उनके पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल से भी जुड़ी मानी जाती है।
हाल ही में शाम कौशल ने भी सोशल मीडिया पर अपना फिटनेस वीडियो साझा किया था, जिसमें वह 70 वर्ष की उम्र में जिम में वेट ट्रेनिंग करते नजर आए। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा था, "भगवान की कृपा से छोटी-छोटी कोशिशें जारी हैं। रब राखा।"