Dark Mode
बदल रहा मौसम, राजस्थान के कई इलाकों में बादल, आंधी-बारिश का अलर्ट

बदल रहा मौसम, राजस्थान के कई इलाकों में बादल, आंधी-बारिश का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान के कई शहरों में शुक्रवार को बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आ गई। चूरू, अलवर, कोटा, पिलानी समेत कई शहरों में पारा चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। शेखावाटी अंचल में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे मापा गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 14 मार्च को पांच जिलों में बादल छाने, धूलभरी हवाएं चलने और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 मार्च को 18 जिलों में आंधी और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

राज्य के कई जिलों बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, नागौर और अलवर में शुक्रवार दोपहर बाद बादल छाए रहे। चूरू, सीकर और झुंझुनूं सहित कई शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया।

राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 39.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा जोधपुर में 38.1 डिग्री, पाली में 38.2 डिग्री, कोटा व चित्तौड़गढ़ में 37.6 डिग्री, वनस्थली (टोंक) में 37.2 डिग्री, भीलवाड़ा व अजमेर में 36 डिग्री, उदयपुर व जैसलमेर में 36.4 डिग्री, बारां व जालोर में 36.5 डिग्री, प्रतापगढ़ में 36.3 डिग्री, सिरोही में 35.6 डिग्री और बीकानेर में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

दो दिन से बादल छाए रहने के कारण शेखावाटी के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। झुंझुनूं में 32.6 डिग्री, सीकर में 32.7 डिग्री, पिलानी में 34.2 डिग्री, श्रीगंगानगर में 33.3 डिग्री और हनुमानगढ़ में 30.2 डिग्री तापमान मापा गया। जयपुर में भी पिछले दो दिनों से तापमान में मामूली गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा और दोपहर से शाम तक बादल छाए रहे।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान कोटा में 39.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंता (बारां) में 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 मार्च को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाएं (30–40 किमी प्रतिघंटा) और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों के साथ शेखावाटी क्षेत्र, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में भी मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में फिर से आंधी और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहेगा, जिससे फिलहाल भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!