अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर हुआ महिला सम्मेलन
टोंक । कल्प संस्था द्वारा देसाई फाउंडेशन ट्रस्ट के सहयोग से रविवार को अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर महिला सम्मेलन का आयोजन निवाई के जमात स्थित सामुदायिक भवन में किया गया। कल्प संस्था के क्षेत्रीय प्रबंधक हेमन्त शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में 25 ग्राम पंचायतों के 50 गांवों के सैकड़ों किशोरियां एवं महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रेणु अग्रवाल, प्राचार्या रानी लक्ष्मीबाई बालिका महाविद्यालय द्वारा की गई, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत खण्देवत की सरपंच सीमा टाटावत ने भाग लिया। इस अवसर पर सरंपच सीमा टाटावत ने महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कल्प संस्था द्वारा संचालित 6 सिलाई एवं कम्प्यूटर कौशल प्रशिक्षण केंद्रों में 3 महीने का प्रशिक्षण शिविर चलाया गया। इस अवसर पर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी बालिकाओं एवं महिलाओं को डॉ. रेणु अग्रवाल एवं सीमा टाटावत ने सम्मानित करते हुए प्रमाण-पत्र प्रदान किए। प्रशिक्षण पूरा करने वाली 10 किशोरी एवं युवा महिलाओं ने अपने संघर्ष की कहानी एवं प्रशिक्षण द्वारा उनके जीवन में आए बदलाव को मंच के जरिए साझा किया। कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय माहवारी दिवस को मनाने के तहत महिलाओं को माहवारी प्रबंधन एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन कल्प संस्था के सचिव डॉ. ओमप्रकाश कुलहरि एवं प्रशिक्षक तेजस्वरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक मुकेश शर्मा, सीमा शर्मा एवं संस्था कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।