Dark Mode
‘नारीशक्ति ही नए भारत की ताकत’, पीएम मोदी ने 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं

‘नारीशक्ति ही नए भारत की ताकत’, पीएम मोदी ने 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 12 साल के शासनकाल में महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताते हुए कहा कि देश की प्रगति में नारीशक्ति की भूमिका लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय देकर भारत के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में केंद्र सरकार ने महिला-नेतृत्व वाले विकास को प्राथमिकता दी है। इसके परिणामस्वरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, खेल, विज्ञान, आवास और सुशासन जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़े हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान, अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना रहा है। इन प्रयासों से ऐसा माहौल तैयार हुआ है, जहां महिलाएं अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग कर रही हैं और समाज व राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने विशेष रूप से विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती उपस्थिति का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा कि ड्रोन तकनीक जैसे नए क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है, जिससे रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ये समूह लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

एक अन्य संदेश में पीएम मोदी ने संस्कृत के एक सुभाषित का उल्लेख करते हुए नारीशक्ति को सृष्टि और शक्ति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सृजन, संरक्षण और शक्ति के प्रतीक के रूप में देखा गया है, और आज भी वे देश के विकास की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति बनी हुई हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!