Dark Mode
नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस में दिखा उत्साह, 204 आवेदन प्राप्त

नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस में दिखा उत्साह, 204 आवेदन प्राप्त

सवाई माधोपुर। नगर परिषद सवाई माधोपुर के आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा मीणा एवं पूर्व विधायक तथा AICC सचिव दानिश अबरार के निर्देशानुसार रविवार को खेरदा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने जिला कांग्रेस कार्यालय पर नगर परिषद के सभी 60 वार्डों से कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित प्रत्याशियों से आवेदन लिए गए। जिला कांग्रेस संगठन महासचिव राजेश पहाड़िया ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं पदाधिकारियों के समक्ष इच्छुक प्रत्याशियों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जिला कार्यालय पहुंचे। कई प्रत्याशी ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्वक नारे लगाते हुए आवेदन देने पहुंचे, जिससे जिला कांग्रेस कार्यालय पर पूरे दिन चुनावी माहौल बना रहा। संगठन महासचिव राजेश पहाड़िया ने बताया कि व्यक्तिगत रूप से कुल 204 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में ऑनलाइन आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। प्राप्त आवेदनों को पार्टी संगठन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत पर्यवेक्षकों के माध्यम से आगे भेजा जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी रामराज चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश मीणा, नगर प्रभारी दशरथ मीणा, नगर अध्यक्ष मोहन मंगल, पर्यवेक्षक अनिल जैन, सह-पर्यवेक्षक अजीजुद्दीन, बृजमोहन सिसोदिया, मकसूद खान, बी.पी. सिंह, कैलाश सैनी, इफ्तार खान, मनीष जैन, मोहम्मद रफीक, नगर परिषद के पूर्व सभापति संतोष शर्मा, विमल महावर सहित जिला कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!