नगरीय निकाय चुनाव 2026 मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण 24 व 25 को, तैयारियां पूरी
बारां। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की चुनावी तैयारियां जोरों पर हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद, जिले में मतदान दलों में नियुक्त होने वाले पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण 24 व 25 अगस्त को होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर बालमुकुंद असावा के आदेशानुसार प्रशिक्षण सिटी टाउन हॉल में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक दिया जाएगा।
-दो चरणों में होगा प्रशिक्षण
नगर परिषद बारां तथा नगर पालिका अन्ता, मांगरोल, सीसवाली, अटरू और छबड़ा के मतदान कराने के लिए नियुक्त कार्मिकों का प्रशिक्षण दो सत्रों में होगा। सोमवार को पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी प्रथम क्रमांक 1 से 200 तक तथा मंगलवार को पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी प्रथम क्रमांक 201 से 364 तक को प्राशिक्षण दिया जाएगा।
-सुरक्षा, ईवीएम हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और अन्य पुख्ता प्रबंध
प्रशिक्षण स्थल पर मतदान दलों को ईवीएम संचालन का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए 10-10 मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। मशीनों के सुरक्षित परिवहन के लिए जीपीएस युक्त वाहनों, पुलिस सुरक्षा जाप्ते और वीडियोग्राफी की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
प्रशिक्षण स्थल पर यातायात व पार्किंग व्यवस्था तथा स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा आपातकालीन चिकित्सा टीम की तैनाती तथा नगर परिषद द्वारा टाउन हॉल परिसर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जनरेटर और पेयजल की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।