सीआईएसफ प्रशिक्षण केंद्र अनंतपुरा के सौजन्य से 1151 पौधे वितरित किए गए
बहरोड़ । हरियालो राजस्थान कार्यक्रम के तहत सीआईएसफ प्रशिक्षण केंद्र अनंतपुरा के सौजन्य से नारायणी देवी महिला महाविद्यालय में 1151 पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईएसफ प्रशिक्षण केंद्र के सीनियर कमांडेंट एमके वर्मा रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के समय में मानव जाति की पहली आवश्यकता पर्यावरण संरक्षण है। आमजन के द्वारा अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने के कारण ही ओजोन परत में हो रहे छेद को बड़ा होने से रोका जा सकता है। आज के समय में प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि किसी भी शुभ एवं धार्मिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक पौधे लगा कर प्रकृति और पर्यावरण को सुंदर बनाया जा सकता है तथा पेड़ों की सुरक्षा व पालने का संकल्प दिलाकर जैव विविधता व ग्लोबल वार्मिंग के महत्व को बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज चेयरपर्सन डॉ. नीलम यादव ने कहा कि आज के समय में मनुष्य के द्वारा प्रकृति से बहुत अधिक छेड़खानी की जा रही है। इस कारण से प्राकृतिक आपदाएं अधिक से अधिक हो रही है। जिससे मनुष्य का जीवन संकट में पड़ गया है, प्रकृति को संतुलित बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षित रखना चाहिए और इसके लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाकर वातावरण को शुद्ध रखना चाहिए। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की सभी स्वयसेविकाओ के द्वारा पौध संरक्षण संकल्प लिया गया तथा महाविद्यालय द्वारा सभी छात्राओं को पौधे भी वितरित किए गए। इस अवसर पर कॉलेज सचिव डॉ. ओम प्रकाश यादव, डॉ. संजय यादव, अमर चंद शर्मा, एनएसएस अधिकारी पृथ्वीराज यादव, जगबीर यादव, अनिल यादव, नितेश यादव, अजय नायक, जितेंद्र यादव, पूजा लांबा, इंदु यादव, रामरतन सूद, आकाश सैनी सहित समस्त स्टाफ कॉलेज छात्राएं व गणमान्य लोग मौजूद रहे।