वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में 165 छात्राओं को पुरस्कृत किया गया
जयपुर। सुबोध महिला महाविद्यालय, रामबाग, जयपुर के सभागार में शनिवार को
वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह पिनेकल का आयोजन किया गया। समारोह की
मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना शर्मा, अध्यक्ष, समाज कल्याण बोर्ड और विशिष्ट
अतिथि धर्मेंद्र कुमार यादव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण
थे। समारोह में विभिन्न संकायों के परीक्षा परिणामों में प्रथम व
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली व खेल-कूद में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने
वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। वर्ष 2019-20, 2020-21 में राजस्थान
विश्वविद्यालय द्वारा जारी की गई विभिन्न विषयों की मेरिट सूचियों में
स्थान प्राप्त करने वाली महाविद्यालय की 15 प्रतिभावान छात्राओं को सुबोध
मनीषी अवार्ड दिये गये एवं 150 छात्राओं को उनकी विभिन्न क्षेत्रों में
विशिष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया।
समारोह में सुबोध शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष आर. सी. जैन ने
छात्राओं से कहा विश्वास वो शक्ति है, जिसके द्वारा असंभव भी संभव हो
जाता है। प्राचार्या डॉ. रेणु जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा
कि हौसला, जुनून, धैर्य व परिश्रम वह अस्त्र है जो आपको सफलता दिला सकतें
है। साथ ही सत्र 2022-23 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य
अतिथि डॉ. अर्चना शर्मा ने संदेश दिया कि नारी शक्ति स्वयं में परिपूर्ण,
सशक्त एवं असीम क्षमता रखने वाली होती है अतः नारी को अपनी क्षमता को
पहचानकर अपने सपनों को साकार करने के लिए अपने प्रयत्न रूपी पंखों को
उडान देनी चाहिए। महाविद्यालय के संयोजक वी. सी. डागा ने अपने
उद्बोधन में कहा कि सफलता अत्यधिक परिश्रम चाहती है।
इस असर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई जिनमें कृष्ण रासलीला,
राजस्थानी घूमर, पंजाबी ,रेखा सुपरहिट, साउथ इण्डियन, बंगाली एवं
पाश्चत्य नृत्य प्रमुख थे।