जिला बनाने की मांग को लेकर 17 घंटे की भूख हड़ताल
बीदासर। कस्बे के गांधी चौक में बुधवार सांय 5 बजे से सुजला महासत्याग्रह के बैनर तले सुजला जिला बनाने की मांग को लेकर पूर्व पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश बेंगाणी, सुजानगढ़ के नरेंद्र गुर्जर, रतनलाल नायक द्वारा 17 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की गई। जिसको लेकर उपस्थित लोगों ने भूख हड़ताल पर बैठने वालों का माला पहनाकर हौशला बढ़ाया। इस दौरान जयप्रकाश बेंगाणी ने कहा कि सुजानगढ़ (सुजला) को जिला बनाने की मांग को लेकर 17 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि समय रहते सरकार सुजला को जिला बनाने की मांग पूरी नही करती है तो आने वाले चुनावों में क्षेत्र की जनता इसका जवाब देगी। वही नरेंद्र गुर्जर ने बताया कि सुजानगढ़ (सुजला) को जिला बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 19 जिलों की घोषणा की जिसमें सुजानगढ़ (सुजला) को जिला नही बनाकर क्षेत्र की जनता के साथ कुठाराघात किया है। जब तक सुजला जिले की घोषणा नहीं होती है तब तक मांग जारी रहेगी। इस दौरान जुल्फिकार अली रिनिवाल, महेंद्र सिंघी, दीपाराम सारण, याकूब मनिहार, रतनलाल बावरी, राकेश सिहाग, नारायण शर्मा, विनोद पंसारी, सुरेंद्र सुथार, हेमंत गुर्जर, भंवरलाल नाई, सुनील प्रजापत, किशन मोदी आदि उपस्थित थे।