लूट के 2 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नाबालिग को किया डिटेन
धौलपुर। मनियां थाना क्षेत्र में 4 मई को ट्रक ड्राइवर के साथ हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक नाबालिग को भी डिटेन किया है।।मनियां थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि 4 मई को एक ट्रक ड्राइवर असलम ने थाने में मामला दर्ज कराया था। मामले में बताया कि हैदराबाद से ट्रक लाते समय बगचोली खार गांव के पास एक बाइक से आए तीन लोगों ने उसके ट्रक को रास्ते में रोक लिया। जिसके बाद बाइक सवारों ने ट्रक ड्राइवर से अवैध हथियार दिखाकर 8 हजार रुपए, लाइसेंस और आधार कार्ड छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम का गठन किया। एएसआई मोहनलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने लूट के मामले में दो आरोपी राहुल (21) पुत्र राम प्रसाद और दिनेश (20) पुत्र रामबरन निवासी रांडौली मनियां को गिरफ्तार करने के साथ वारदात में शामिल एक नाबालिग को डिटेन कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जिनसे और भी कई वारदातें खुलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।