तेलंगाना में फलकनुमा एक्सप्रेस की 3 बोगियां जलीं
सभी यात्री सुरक्षित; बोम्मईपल्ली और पगिडीपल्ली के बीच रोकी गई ट्रेन
हैदराबाद . पश्चिम बंगाल के हावड़ा से तेलंगाना के सिकंदराबाद के लिए रवाना हुई फलकनुमा एक्सप्रेस के तीन डिब्बों में आग लग गई है। जिसके कारण ट्रेन को हैदराबाद से लगभग 45 किलोमीटर दूर बोम्मईपल्ली और पगिडीपल्ली के बीच रोक दिया गया। हादसा सुबह 11.30 बजे हुआ। वक्त रहते सभी यात्री ट्रेन से उतर गए थे।
भोंगिर पुलिस के मुताबिक सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद बसों के जरिए रवाना किया गया।
अधिकारी बोले- फलकनुमा की 3 बोगियां जलीं
दक्षिण मध्य रेलवे के CPRO सीएच राकेश ने कहा- फलकनुमा एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना मिली थी। सभी यात्री नीचे उतर गए थे। किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। ट्रेन को फिलहाल बोम्मईपल्ली और पगिडीपल्ली के बीच रोक दिया गया है। ट्रेन में 18 डिब्बे थे। आग तीन बोगियों S4, S5 और S6 में लगी थी।
यदाद्री भोंगिर जिले में फलकनुमा एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के बाद दक्षिण मध्य रेल ने कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है या उनका रूट बदल दिया है।
2 जून की शाम शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस चेन्नई से हावड़ा जा रही थी। वहीं, बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस हावड़ा से आ रही थी। कोरोमंडल एक्सप्रेस को लूप लाइन पर ग्रीन सिग्नल मिला, जिस पर मालगाड़ी खड़ी थी। इसके बाद कोरोमंडल एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकरा गई। मालगाड़ी में लोहा लदा था, इसीलिए वह हादसे का धक्का झेल गई।
उधर, मालगाड़ी से टकराने के बाद कोरोमंडल एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे तीसरे ट्रैक पर जा गिरे। इसके बाद उसी ट्रैक पर आ रही बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस कोरोमंडल की बोगियों से टकरा गई। हादसे में 275 लोगों की मौत हुई है और 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।