जयपुर के लग्जरी रिसॉर्ट में शादी के बीच चोरी, 3 लाख और गहने गायब
जयपुर। शादी की खुशियों के बीच राजधानी में चोरी की घटना ने परिवार की खुशियां फीकी कर दीं। Jaipur के हरमाड़ा इलाके में स्थित The Oasis Resort में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान लाखों रुपये और गहनों से भरा बैग चोरी हो गया।
पुलिस के अनुसार, Ludhiana से आया परिवार अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में जयपुर पहुंचा था। समारोह के दौरान पीड़ित ने अपना बैग पास की कुर्सी पर रख दिया था। कुछ देर बाद बैग गायब मिला। काफी तलाश के बावजूद जब बैग नहीं मिला तो रिसॉर्ट के CCTV कैमरों की जांच की गई।
फुटेज में एक नाबालिग लड़का बैग को कंधे पर लटकाकर कोट के नीचे छिपाते हुए तेजी से बाहर निकलता दिखाई दिया। पीड़ित के मुताबिक, बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद और कीमती गहने थे।
सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और तलाश में जुटी है।