डम्पर की टक्कर से बाइक सवार 3 युवकों की मौत
डूंगरपुर। धम्बोला थाना क्षेत्र के सरथुना पुलिस चौकी के पास एक डम्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तीनों युवक गुजरात के बाकौर के रहने वाले हैं। पुलिस ने शवों को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने युवक के परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। धम्बोला थानाधिकारी राकेश कटारा ने बताया कि धंबोला थाना क्षेत्र के सरथूना पुलिस चौकी के पास गुजरात की ओर से आ रहे एक डम्पर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक पर सवार 3 युवकों के हाथ, पैर, सिर में कई जगह चोटें आई। खून अधिक बहने से मौके पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं हादसे के बाद डंपर ड्राइवर डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर धंबोला थानेदार राकेश कटारा, चौकी प्रभारी विद्याशंकर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतकों की जेब से मिले मोबाइल के आधार पर उनके शिनाख्त के प्रयास किए गए। थानाधिकारी राकेश कटारा ने बताया कि मृतक तीनों युवकों की पहचान गुजरात के बाकोर निवासी विनोद (25) पुत्र माना डामोर, राकेश (17) पुत्र मोहन डामोर और लाला (26) पुत्र नाना डामोर के रूप में की गई है। मृतक विनोद और लाला दोनों शादीशुदा हैं। तीनों के शव सीमलवाड़ा मोर्चरी में रखवाए हैं। मृतकों के मकान घटनास्थल से 3 किमी दूरी पर हैं। तीनों मजदूरी करते थे। गुजरात से मृतक के परिजनों के आने के बाद उसके पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।