Dark Mode
तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2027 - बाइक जागरूकता रैली निकाली गई

तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2027 - बाइक जागरूकता रैली निकाली गई

जयपुर। आगामी तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार-प्रसार और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार सुबह जयपुर से सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी तक भव्य बाइक जागरूकता रैली निकाली गई। विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की ओर से आयोजित इस रैली को राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत तथा सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार के साथ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में करीब 100 दिव्यांग पैरा थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह रैली उस स्थल तक पहुंची, जहां मार्च 2027 में सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी में तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। रैली का उद्देश्य पैरा खेलों को बढ़ावा देना, दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मान दिलाना तथा समाज में समावेशिता और समान अवसर का संदेश देना रहा। इस अवसर पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी भी दृष्टि से कम नहीं हैं। उन्हें केवल उचित मंच और अवसर की आवश्यकता है। राज्य सरकार खेलों और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सिंघानिया विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप राजस्थान के लिए गौरव का विषय होगी और इससे प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन और सिंघानिया विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और समानता की भावना को मजबूत करते हैं। विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों के उत्साह और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल खेलों के प्रचार का माध्यम नहीं बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास, सम्मान और सशक्तिकरण का अभियान भी है। सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मलेशिया में आयोजित पिछली एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप से प्राप्त ध्वज अब भारत पहुंच चुका है और मार्च 2027 में होने वाली प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने देश-विदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को सिंघानिया विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने और इसका साक्षी बनने का आमंत्रण दिया। रैली में राजस्थान पैरा थ्रो बॉल फेडरेशन के अध्यक्ष बृजराज सिंह शेखावत, सचिव सुनील कुमार, एडवोकेट ललित शर्मा, हीरल राठौड, सुशीला सारस्वत, पप्पू सिंह , मनीष तिवाडी, ऋषभ राजवंशी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे जिनके योगदान और सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा । रैली के दौरान राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) की ओर से सभी प्रतिभागियों को निशुल्क छाछ लस्सी उपलब्ध कराई गई, जिसकी खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने सराहना की। हरे कृष्ण मूवमेंट , गुप्त वृंदावन धाम , जयपुर के हरिकेश दास ने सभी अतिथियों को स्वागत किया और सभी को मंदिर प्रसादम का वितरण किया ज्वैलर दीपक दलेजा की ओर से सभी प्रतिभागियों को टी शर्ट वितरण किया गया गौरतलब है कि इस वर्ष एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप का आयोजन मलेशिया में हुआ था, जबकि वर्ष 2027 में इसका आयोजन भारत के राजस्थान स्थित सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी में किया जाएगा। आयोजकों का विश्वास है कि यह प्रतियोगिता न केवल पैरा खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति समाज में सम्मान, समान अवसर और सकारात्मक सोच को भी और अधिक मजबूत करेगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!