Dark Mode
सुपौल में पिकअप से 427 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

सुपौल में पिकअप से 427 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

सुपौल। जिले के पिपरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 427.95 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मधुबनी जिले के भुतहा इलाके से गांजा की बड़ी खेप एक पिकअप वाहन पर लादकर भागलपुर की ओर भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुअनि राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और सिंहेश्वर मार्ग पर रेलवे पुल के आगे सोमवार सुबह करीब पांच बजे वाहन जांच अभियान चलाया गया। नाकाबंदी के दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को पीछे की सीट और डाला के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर से बोरे में पैक गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक कांटा से वजन करने पर कुल 427.95 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए बोरे के ऊपर खाली कैरेट रख दिए थे, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि पुलिस की सतर्कता और पहले से मिली सूचना के कारण तस्करों की यह चाल सफल नहीं हो सकी। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी उपेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह गांजा की खेप भुतहा से लेकर भागलपुर पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने गांजा और पिकअप वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!