Dark Mode
51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, PM मोदी ने दिया नया मंत्र

51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, PM मोदी ने दिया नया मंत्र

नई दिल्ली। देश के हजारों युवाओं के लिए शनिवार का दिन नई शुरुआत लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का उद्घाटन उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।

नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वे ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़ रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और उन्हें अपने काम के दौरान ऐसे फैसलों पर ध्यान देना चाहिए, जो देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को मजबूती दें।

प्रधानमंत्री ने नियुक्ति पाने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे उम्मीदवारों की मेहनत के साथ उनके माता-पिता और परिजनों का भी योगदान है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश युवाओं के जीवन की एक नई शुरुआत है और इसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी है।

पीएम मोदी ने युवाओं से विशेष रूप से देश के दूसरे युवाओं की आकांक्षाओं को समझने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। इनोवेशन, उद्यमिता और युवाशक्ति को लेकर वैश्विक स्तर पर भी भारत से उम्मीदें हैं।

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने कविता की पंक्तियां भी सुनाईं। उन्होंने कहा, “सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।” इसके जरिए उन्होंने युवाओं के आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का युवा आज इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए उनकी जिम्मेदारी केवल अपने पद तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें देश के युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को समझकर अपनी भूमिका निभानी होगी।

रोजगार मेले को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों के मौसम के बीच हजारों परिवारों के लिए यह अवसर नई खुशी लेकर आया है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को जीवन के इस नए पड़ाव के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!