Dark Mode
बांसवाड़ा में 54% वोटिंग, मशीन ने रोकी रफ्तार

बांसवाड़ा में 54% वोटिंग, मशीन ने रोकी रफ्तार

बांसवाड़ा. बांसवाड़ा नगरपरिषद क्षेत्र में बुधवार को निकाय चुनाव के लिए सुबह सात बजे से मतदान जारी है। शहरी सरकार चुनने के लिए मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। दोपहर तीन बजे तक नगरपरिषद क्षेत्र में 54.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

चुनाव में कुल 59 वार्डों के लिए 185 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए प्रशासन ने 99 मतदान केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा और मतदान व्यवस्था को लेकर जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

जिला कलक्टर ने भी डाला वोट

जिला कलक्टर डॉ. ई. इंद्रजीत यादव ने वार्ड नंबर 9 स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोहन कॉलोनी पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर अपने प्रतिनिधि चुनने को लेकर लोग उत्साह के साथ वोट डालने पहुंच रहे हैं।

मशीन खराब होने से 15-20 मिनट प्रभावित रहा मतदान

वार्ड नंबर 41 के बूथ संख्या 61 पर सुबह करीब 10 बजे उस समय मतदान प्रभावित हो गया, जब करीब 192 वोट पड़ने के बाद कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट में खराबी आ गई। इसके चलते करीब 15 से 20 मिनट तक वोटिंग रुकी रही।

तहसीलदार सुंदरलाल मीणा के मुताबिक, मशीन में तकनीकी समस्या की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद दूसरी मशीन मौके पर भेजकर मतदान दोबारा शुरू कराया गया। अब केंद्र पर मतदान सुचारू रूप से जारी है। मतदान के दिन इस्तेमाल हुई दोनों मशीनों के वोटों की गिनती मतगणना के दौरान की जाएगी।

पृथ्वीगंज स्कूल में पांच बूथ

बांसवाड़ा नगरपरिषद क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, पृथ्वीगंज में वार्ड 37, 41 और 42 के लिए मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां कुल पांच बूथ हैं।

वार्ड 37 के एक बूथ पर 1,397 मतदाता हैं। वार्ड 41 में दो बूथ बनाए गए हैं, जहां कुल 2,627 मतदाता हैं। वहीं वार्ड 42 के दो बूथों पर 1,767 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

वार्ड 12 में बिना मुकाबले भाजपा प्रत्याशी

नगरपरिषद के वार्ड नंबर 12 में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा प्रत्याशी ही मैदान में रह गई हैं। इसलिए इस वार्ड में मतदान नहीं होगा। इस वार्ड में कुल 1,519 मतदाता थे।

वहीं वार्ड नंबर 41 में सबसे ज्यादा 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगरपरिषद के कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला भी देखने को मिल रहा है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!