Dark Mode
जापान में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप, सुनामी का खतरा मंडराया

जापान में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप, सुनामी का खतरा मंडराया

टोक्यो। जापान में सोमवार दोपहर 1:23 बजे (भारतीय समयानुसार) 7.7 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। भूकंप का केंद्र तट से करीब 100 किमी दूर समुद्र में 20 किमी गहराई पर था। जापानी मौसम एजेंसी (JMA) ने तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की है। साथ ही और भी बड़े भूकंप के लिए तैयार रहने को कहा है। भूकंप के बाद इवाते प्रांत में करीब 3 फीट, मियाको और हाचिनोहे में डेढ़ फीट तक लहरें दर्ज की गईं। इन इलाकों में पानी का स्तर बढ़ रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बुलेट ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। होक्काइडो, आओमोरी, इवाते, मियागी और फुकुशिमा प्रान्तों के 1.7 लाख निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है।


182 नगर पालिकाओं में स्पेशल एडवाइजरी जारी
JMA और कैबिनेट कार्यालय के अधिकारियों ने सोमवार शाम एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि होक्काइडो से लेकर चिबा तक 182 नगर पालिकाओं के लिए स्पेशल एडवाइजरी जारी की गई है। निवासियों को सतर्क रहने के साथ-साथ किसी भी पल सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।


PM ताकाइची ने लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की
प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। टोक्यो में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ताकाइची ने कहा कि लोग बिना देरी किए ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, क्योंकि हालात तेजी से बदल सकते हैं। भूकंप के बाद सरकार ने आपात टास्क फोर्स का गठन किया है और प्रभावित इलाकों में हालात की निगरानी की जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि जान-माल के नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।


रेल सेवा रोकी गई, एयरपोर्ट सेवाएं सामान्य
भूकंप के झटके रिकॉर्ड होने के बाद तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवा को टोक्यो स्टेशन और शिन-आओमोरी स्टेशन के बीच अस्थायी रूप से रोका गया। ऑपरेटर ने बताया कि सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया। यामागाता और अकिता शिंकानसेन सेवाएं भी बंद की गईं। इवाते प्रिफेक्चर में सभी लोकल JR ट्रेन सेवाएं रोकी गईं। होक्काइडो में कुछ लोकल लाइनें भी बंद हैं। शिन-चितोसे और सेंडाई एयरपोर्ट के ऑपरेटरों ने कहा कि भूकंप के बावजूद उनकी सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!