घर के बाहर बैठी युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जांघ में लगी गोली
सीवान। जिले में दरौली थाना क्षेत्र के दोन बुज़ुर्ग गांव में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने घर के बाहर बैठी एक युवती को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे गांव में दहशत फैल गई। घायल युवती का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई है।
घायल युवती की पहचान स्वर्गीय आनंद बिहारी सिंह की 24 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काजल अपनी मां के साथ रोज की तरह घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और पिंटू पाण्डेय का घर पूछने लगे। काजल ने बताया कि गांव में इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता है। इसी बात के बाद दोनों युवकों ने अचानक हथियार निकाल लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए काजल अपनी मां के साथ घर की ओर भागी। घर के अंदर पहुंचने पर उसे महसूस हुआ कि उसके पैर के पास से खून बह रहा है। परिजन आनन-फानन में उसे गांव के एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांघ के पास गोली लगने की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर पुलिस की मदद से पहले दरौली स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल सीवान रेफर किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। वहीं घायल युवती की बहन अंजली ने पड़ोस की एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अंजली का कहना है कि उनके भाई की हाल ही में पटना सचिवालय में सरकारी नौकरी लगी है। नौकरी लगने के बाद से पड़ोस की एक लड़की जबरन शादी का दबाव बना रही थी। परिवार द्वारा विरोध करने पर वह लगातार धमकी दे रही थी। परिजनों का आरोप है कि उसी युवती ने बदमाशों से गोली चलवाकर पूरे हमले की साजिश रची है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा खुद सदर अस्पताल पहुंचे और घायल युवती से पूछताछ कर बयान दर्ज किया।
एसपी ने बताया कि परिजनों द्वारा एक युवती पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मोबाइल सर्विलांस और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घायल युवती की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।