जयपुर-अजमेर हाईवे पर केमिकल टैंकर में लगी भीषण आग, बाल-बाल टला बड़ा हादसा
जयपुर। जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिथाइल केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा भांकरोटा थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुरा पुलिया के पास हुआ, जहां चलते टैंकर के निचले हिस्से में आग भड़क उठी।
पुलिस के मुताबिक, टैंकर अजमेर से जयपुर की ओर जा रहा था। पुलिया पर चढ़ते समय टायर के पास से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे नीचे का हिस्सा जलने लगा। कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे हाईवे पर चल रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई।
राहगीरों ने तुरंत चालक को आग लगने की जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने टैंकर को सड़क किनारे खड़ा किया और सुरक्षित नीचे उतर गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़, कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो दिसंबर 2024 में हुए भांकरोटा अग्निकांड जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टैंकर में आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।