अजमेर में छात्रा को बदनाम करने की साजिश, इंस्टाग्राम पर फेक आईडी से वायरल किया वीडियो
अजमेर। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला अजमेर से सामने आया है, जहां एक छात्रा की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया गया। इस घटना से छात्रा और उसका परिवार गहरे सदमे में है।
पीड़िता को इस बारे में तब जानकारी मिली, जब उसके फॉलोअर्स ने फोन कर बताया कि उसकी प्रोफाइल से एक आपत्तिजनक वीडियो स्टोरी पर लगाया गया है। इसके बाद छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई।
मामले में पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी की तस्वीरों और वीडियो को एडिट कर फेक आईडी बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया।
आरोपी न केवल स्टोरी पर वीडियो पोस्ट कर रहा था, बल्कि फॉलोअर्स को पूरा वीडियो भेजने के मैसेज भी कर रहा था। इससे छात्रा की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है।
परिवार का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद बेटी मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चली गई है। उसे सार्वजनिक जगहों पर भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल रामगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषी को गिरफ्तार किया जाएगा।