रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा
काशी पुष्कर की तर्ज पर मैन चौराहे पर भगवान श्री राम की होगी महा आरती
मदनगंज-किशनगढ़। गुरुवार 30 मार्च को रामनवमी के पावन पर्व पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री राम जन्मोत्सव समिति अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल (कुचामन वालों) के अनुसार संतोषदास महाराज के सानिध्य में राम नवमी पर दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में भगवान राम के जन्म उपलक्ष में आरती की जाकर प्रसाद वितरण होगा। तत्पश्चात विशाल शोभायात्रा की शुरुआत सुभाष कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर से शाम 6 बजे भगवान श्री राम की पूजा अर्चना के साथ होगी। इसके बाद ढोल धमाकों, बैंड बाजे व सर्व समाज की झांकियों सहित महावीर व्यामशाला आजाद नगर से जुड़े अखाड़ा प्रदर्शन के साथ शोभायात्रा विशाल जुलूस के रूप में निकलेगी। समिति संयोजक दयानंद शर्मा ने बताया कि इस बार जुलूस का विशेष आकर्षण मुख्य चौराहे पर काशी-पुष्कर की तर्ज पर विद्वान पंडितों के द्वारा भगवान श्रीराम की भव्य आरती रहेगी। समिति से जुड़े शशिकांत पाटोदिया व मोहित अग्रवाल के अनुसार नगर परिषद द्वारा इस दौरान आतिशबाजी की जाएगी। साथ ही बैंड प्रतिस्पर्धा सहित झांकी में प्रथम द्वितीय व तृतीय आने वाले समाज को रात्रि मे मुख्य चौराहे पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया जाएगा। पूरे मार्ग में जुलूस का विभिन्न सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा, शीतल जल सेवा व फल-फ्रूट, आइसक्रीम बांटकर स्वागत किया जाएगा। समिति से जुडे नंदकिशोर सोमानी, सत्यस्वरूप अग्रवाल, पूर्व पार्षद डी.सी. अग्रवाल, विट्ठल दरगड, सौरभ सोनगरा व अशोक गोयल सहित कार्यकर्ता रामनवमी के जुलूस की तैयारियों में जुटे हुए हैं। जुलूस सुभाष कॉलोनी से शुरू होकर अजमेर रोड, गोपाल बिल्डिंग, पांच बत्ती, पुरानी मिल चौराहे से सीटी रोड होता हुआ रात्रि में पुनः मैन चौराहे पहुंचकर विसर्जित होगा।