राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक का हुआ आयोजन
जयपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम सहित अन्य अहम बिंदुओं को लेकर मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक का आयोजन किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीलिमा तक्षक की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति, चार अर्हता तिथियों, मतदान केन्द्रों के सुव्यवस्थिकरण/ पुनर्गठन नहीं होने, एनवीएसपी पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन ऐप, जिला सम्पर्क केन्द्र सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 6 जनवरी 2024 को एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। वहीं, 6 जनवरी से 22 जनवरी 2024 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
20 जनवरी को मतदाता सूचियों के संबंधित भाग की प्रविष्टियों का ग्राम सभा/स्थानीय निकाय एवं आवासीय वेलफेयर सोसायटी के साथ बैठक आयोजित कर पठन एवं सत्यापन होगा। 21 जनवरी, 2024 को राजनैतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं के साथ दावे एवं आपत्तियों के आवेदन पत्र प्राप्त किये जाएंगे। 02 फरवरी तक दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा साथ ही 08 फरवरी 2024 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचक नामावली मे नाम जुडवाने हेतु चार अर्हता तिथियां
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम जुड़वाने हेतु चार अर्हता तिथियां 01 जनवरी, 01 अप्रेल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर निर्धारित की गई है। निर्वाचन विभाग द्वारा निर्वाचक नामावली में नाम जुडवाने हेतु साल में 04 अवसर (01 जनवरी, 01 अप्रेल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर) प्रदान किये गये हैं। मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन की दिनांक 06 जनवरी को 17$ आयुवर्ग के ऐसे मतदाता जो अर्हता दिनांक 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं उन सभी पात्र मतदाता से प्रारूप 6 में अग्रिम आवेदन प्राप्त किये जाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एनवीएसपी पोर्टल के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन हेतु आनलाईन आवेदन कर सकते है। मतदाता सूची में मतदाता की प्रविष्टि की जानकारी प्राप्त कर सकते है। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग नवाचार के रूप में वोटर हेल्पलाईन ऐप जारी किया गया है। उक्त एप के माध्यम से एक ही स्थान पर पंजीकरण, सूचना, शिकायत आदि कार्य सम्पन्न हो सकते है।
उन्होंने कहा कि आम जनता को मतदाता सूची में पंजीकरण एवं संशोधन एवं अन्य से संबंधित जानकारी/शिकायत/सुझाव इत्यादि हेतु जिला स्तर पर जिला सम्पर्क केन्द्र स्थापित किया गया है। जिसका टोल फ्री नम्बर 1950 है।