आमिर खान ने जताया अरिजीत सिंह का आभार, ‘एक दिन’ में बिखरेगा सुरों का जादू
मुंबई। बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने हाल ही में सिंगर अरिजीत सिंह के साथ बिताए खास पलों को सोशल मीडिया पर साझा किया है। आमिर ने एक तस्वीर पोस्ट कर फिल्म ‘एक दिन’ के लिए गाना गाने पर अरिजीत का खुले दिल से धन्यवाद किया, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
तस्वीर में आमिर और अरिजीत एक साथ म्यूजिक सेशन के दौरान बातचीत करते और जैमिंग करते नजर आ रहे हैं। अरिजीत के हाथ में गिटार है और दोनों के बीच सुकून भरा माहौल दिखता है। आमिर ने पोस्ट में लिखा कि अरिजीत और उनकी टीम के साथ बिताए चार दिन बेहद खास और यादगार रहे।
इस मुलाकात को लेकर इसलिए भी चर्चा तेज है, क्योंकि कुछ समय पहले अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की बात कही थी। ऐसे में फैंस इस गाने को उनकी खास पेशकश मान रहे हैं, हालांकि फिल्म की ओर से अब तक कोई आधिकारिक म्यूजिक अनाउंसमेंट नहीं हुई है।
‘एक दिन’ आमिर खान फिल्म्स के बैनर तले बन रही एक रोमांटिक फिल्म है, जो 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। माना जा रहा है कि अरिजीत की आवाज फिल्म के संगीत को भावनात्मक गहराई देगी और दर्शकों को खास अनुभव मिलेगा।
फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने संभाली है। पहले जारी किए गए टीजर में कहानी, म्यूजिक और लव स्टोरी की झलक देखकर दर्शकों में उत्सुकता पहले ही बढ़ चुकी है।
फिल्म में आमिर खान के बेटे जुनैद खान मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और उनके साथ साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी नजर आएंगी। दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा है। वहीं, अरिजीत की आवाज को लेकर फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।