आचार्य विद्यासागर महाराज का 56वां दीक्षा दिवस भक्ति भाव से मनाया
अजमेर . आचार्य विद्या सागर महाराज का 56वां दीक्षा दिवस शहर सहित जिलेभर मेें श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर के जैन मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। श्रद्धालुओं ने अष्टदृव्यों की थाल सजाकर भाव विभोर होकर आचार्यश्री के गुणों की वंदना की। इस मौके पर मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति का नजारा दिखाई दिया।
विनीत जैन ने बताया कि शहर में सोनी जी की नसियां मंदिर, छोटे धडे़ की नसियां मंदिर सहित केसरगंज स्थित जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ का अभिषेक पूजा-अर्चना के साथ परिसर में आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। समाज के त्यागीवृति ब्रह्मचारी भैया बहनों ने दीक्षा दिवस कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। संगीतमयी स्वर लहरियों के साथ आचार्य विद्यासागर महाराज पधारो मेरे अंगना में, आसमान में एक सितारे विद्यासागर को नमन हमारा, चंदा सी सूरत मनमोहनी मूरत आचार्य भगवन के जयकारों के साथ गुणों की वंदना करते हुए भजनों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य कर आराधना की। जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, धूप, फल आदि अष्ट द्रव्यों को समर्पित कर आचार्यश्री के अनन्त गुणों की वंदना की।संयम महोत्सव के रूप में ब्राह्मी महिला मंडल केसरगंज की महिला कार्यकर्ताओं के द्वारा फल एवं मिष्ठान का वितरण किया गया।