विकास रथों के माध्यम से हो रहा है उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार
जयपुर। राज्य सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों, फ्लेगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं के व्यापक प्रचार- प्रसार हेतु कोटा जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में 13 दिसम्बर से विकास रथ प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों पर जाकर रथों पर लगी एलईडी पर ऑडियो-वीडियो के माध्यम से विकास कार्यों, राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं, घोषणाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दे रहे हैं। विकास रथों के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने वाली पुस्तिकाओं का भी वितरण भी आमजन को किया जा रहा है। रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने रामगंजमंडी मंडी क्षेत्र में निकाली जा रही विकास रथ यात्रा का बुधवार को शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने प्रातः 9 बजे सहरावदा गांव से शुभारंभ किया। इसके बाद रथ गुजरिया खेडी, ढाणी मानपुरा, नयागांव खालसा, खरली बावडी, जमुनिया, झिरी और झिलारा गया जहां ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। आमजन ने उत्साह के साथ एलईडी पर उपलब्धियों एवं योजनाओं के वीडियों देखे। सांगोद विधानसभा क्षेत्र का विकास रथ बुधवार को खजूरी, पीसाहेडा, आमलीझाड, खजूरंना, सावनभादो, बालूहेडा, रूपाहेडा सहित अन्य स्थानों पर गया और ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, पेंशन योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र का विकास रथ बुधवार को पीपली चौक, नान्ता, सुभाष नगर, महाराणा प्रताप सर्किल, संत तुकाराम सर्किल आदि स्थानों पर गया और राज्य सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया। आमजन ने सुझाव पेटी में अपने सुझाव भी डाले। लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र का विकास रथ सिंहद्वार रोटेदा सहित रूटचार्ट के अनुसार अन्य स्थानों पर पहुंचा और वहां आमजन को एलईडी के माध्यम से विकास योजनाओं की जानकारी दी और योजनाओं से जुडी पुस्तिकाएं वितरित की।