Dark Mode
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का किया निरीक्षण

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का किया निरीक्षण

परिवादियों से बात की, मौके पर ही दिए निस्तारण के निर्देश—95 प्रतिशत प्रकरणों का निस्तारण, 62 फीसदी परिवादी समाधान से संतुष्ट

जयपुर। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) श्री शिखर अग्रवाल ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया। उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त श्री सुरेश ओला भी मौजूद रहे। श्री अग्रवाल ने विभाग से संबंधित शिकायतों पर परिवादियों से बात कर फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायत के समाधान के लिए मौके पर ही संंबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। श्री अग्रवाल ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज विभाग से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान विभाग की नई योजनाओं को संपर्क पोर्टल सब्जेक्ट में शामिल करने और पुराने और अन्य विभागों से जुड़े सब्जेक्ट को हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान बताया गया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर 1 जनवरी, 2024 से 6 मार्च, 2026 तक उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से जुड़े 13,541 प्रकरण दर्ज हुए। इनमें से 12,828 प्रकरणों (95 प्रतिशत) का निस्तारण कर दिया गया। औसत निस्तारण समय 19 दिन रहा और करीब 62 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर आमजन से जुडी शिकायतों के निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के सचिव 4 मार्च से 28 अप्रैल तक निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित रहकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!