Dark Mode
अवैध भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 81 गैस सिलेंडर जब्त

अवैध भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 81 गैस सिलेंडर जब्त

बाड़ी में विजय कैटरर्स के गोदाम व होटल पर छापेमारी, घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग का मामला सामने आया

धौलपुर। जिले में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने तथा अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बाड़ी कस्बे में छापेमारी कर कुल 81 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जिला कलक्टर निधि बी टी के निर्देश पर गठित विशेष प्रवर्तन जांच दल द्वारा की गई। जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया की जांच दल ने बाड़ी कस्बे में बसेड़ी रोड स्थित विजय कैटरर्स के गोदाम पर छापा मारकर 79 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 24 सिलेंडर 14.2 किलोग्राम घरेलू श्रेणी के, 28 सिलेंडर 5 किलोग्राम घरेलू श्रेणी के तथा 27 सिलेंडर 19 किलोग्राम व्यावसायिक श्रेणी के पाए गए। इस दौरान बताया गया है कि यह गोदाम विजय सिंघल का है, जो विवाह एवं अन्य आयोजनों में भोजन बनाने का ठेका लेता है तथा गैस सिलेंडरों की व्यवस्था भी स्वयं करता है। कार्यवाही के दौरान बसेड़ी रोड स्थित स्काईजिन रेस्टोरेंट एवं होटल में भी जांच की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर भोजन तैयार किया जा रहा था। यहां से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 81 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल में गजेन्द्र बाबू शर्मा, जगदीश प्रसाद शर्मा, जितेन्द्र गोठवाल सहित पुलिस दल भी मौजूद रहा। डीएसओ खिंची ने बताया कि धौलपुर जिले में आम उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। 12 मार्च 2026 को 4340 सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 13 मार्च 2026 को भी 4000 से अधिक सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और समय पर अपनी गैस बुकिंग कराएं। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध भंडारण, घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग अथवा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!