पंवार समिति की रिपोर्ट के बाद प्रदेश में नई राजस्व इकाइयों के गठन का निर्णय - राजस्व मंत्री
जयपुर। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि पंवार समिति की सर्वे रिपोर्ट के बाद प्रदेश में नई राजस्व इकाइयों का गठन व वर्तमान इकाइयों में संशोधन के संबंध में कार्यवाही की जाएगी। मीणा, सदस्य छगन सिंह राजपुरोहित के पूरक प्रश्न का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर विधानसभा क्षेत्र आहोर में नवीन पटवार मंडलों के गठन, पुनर्गठन करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। मीणा ने सदस्य छगन सिंह राजपुरोहित के मूल प्रश्न का लिखित जवाब देते हुए बताया कि विधान सभा क्षेत्र आहोर में वर्तमान में 71 पटवार मण्डल संचालित है। पटवार मंडलों की तहसीलवार सूची उन्होंने सदन के पटल पर रखी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र आहोर में 11 पटवार मण्डल है जो ग्राम पंचायतवार नहीं है। उन्होंने बताया वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र आहोर में नवीन पटवार मंडलों के गठन, पुनर्गठन करने संबंधी कोई भी प्रस्ताव विभाग स्तर पर विचाराधीन नहीं है। पटवारियों के रिक्त पदों पर पदस्थापन किया जाना एक सतत प्रक्रिया है एवं विभाग द्वारा उक्त पदों को भरे जाने की कार्यवाही समय- समय पर की जाती है। उन्होंने बताया इसी क्रम में वर्तमान में पटवारी की सीधी भर्ती करवाकर 3 हजार 319 चयनित अभ्यर्थियों को जिला आवंटन करते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों (जिला कलक्टर) द्वारा नियुक्ति आदेश जारी किये जा चुके हैं।