अग्रवाल समाज ने दिया मतदान करने का संदेश
धौलपुर। अग्रवाल समाज ने 25 नवंबर को मतदान करने का संदेश दिया है। अग्रवाल समाज ने निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत प्रकाशित मत जागरूकता पोस्टर का विमोचन कराया। पोस्टर का विमोचन जिला कलेक्टर जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार अग्रवाल ने किया। पोस्टर विमोचन के बाद अग्रवाल समाज ने 25 नवंबर को मतदान करने का संदेश दिया। अग्रवाल समाज के लोगों ने जिला कलेक्टर को पीली चिट्ठी सौंपते हुए मतदान के लिए घर-घर जाकर लोगों को प्रेरित करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान की अहम भूमिका है। मताधिकार का प्रयोग करने से ही लोकतंत्र मजबूत होगा और मतदान के लिए प्रेरित करने में हर व्यक्ति की अहम भूमिका है। प्रत्येक मतदाता न सिर्फ स्वयं बल्कि अपने परिवार के लोगों, रिश्तेदारों, आसपास के परिवेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक मतदाता को जागरूक कर इसमें प्रभावी भूमिका अदा करें। अग्रवाल समाज के मंत्री विनोद अग्रवाल ने बताया कि मतदान के दिन समाज के लोग मतदान के लिए लोगों को घर-घर जाकर प्रेरित करेंगे। इस मौके पर जिला स्वीप समन्वयक भूपेश गर्ग, अग्रवाल समाज शहर अध्यक्ष हरि नारायण गर्ग, महामंत्री विनोद अग्रवाल, अनिल बाबू गोयल, सुभाष बंसल, सीताराम बंसल, अखिलेश गोयल, कपिल अग्रवाल, पीयूष मित्तल मौजूद रहे।