Dark Mode
अग्निवीर सेना भर्ती रैली सम्पन्न

अग्निवीर सेना भर्ती रैली सम्पन्न

दौड़ में 40 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों की सफलता का बना रिकॉर्ड

कोटा । श्रीनाथपुरम स्टेडियम में पिछले सात दिनों से चल रही अग्निवीर सेना की भर्ती का शुक्रवार को समापन हो गया। भर्ती में राजस्थान के 17 जिलों के उम्मीदवारों ने भाग लिया। ऑनलाइन परीक्षा को पहले चरण में उत्तीर्ण करने के बाद तकरीबन 6500 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए गए। द्वितीय चरण में शारीरिक क्षमता के विभिन स्तरों पर उम्मीदवारों को खरा उतरना था। इस रैली में तक़रीबन 90 प्रतिशत हाजिरी से उम्मीदवारों का जोश यह दर्शाता है की युवाओ में देश सेवा की भावना अभी भी सर्वाेपरि है।
भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल इंदरजीत सिंह ने बताया कि इस भर्ती में पहले दिन अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेडमेन दसवी व आठवीं के उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। दूसरे दिन अग्निवीर क्लर्क एवं अग्निवीर जीडी तथा बाकी के पांच दिनों में अग्निवीर जीडी केटेगरी के उम्मीदवारों ने दौड़ लगाई। ऑनलाइन परीक्षा में उतीर्ण हुए तकरीबन 90 प्रतिशत उम्मीदवार दूसरे चरण के लिए उपस्थित हुए है। अग्निवीर टेक्निकल में करीब 50 प्रतिशत अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे तथा पूरी भर्ती में 40 प्रतिशत से ज्यादा उम्मीदवारों ने दौड़ में सफलता हासिल की जो अभी तक राजस्थान राज्य में हुई भर्तियो में सबसे बड़ा प्रतिशत रहा है और एक रिकॉर्ड के रूप में उभरा है। सेना ने इसका श्रेय सभी सत्रह जिलों के शिक्षा अधिकारियो, शिक्षण संस्थानों व जिला प्रशासन के सहयोग से विविध जगहों पर किये गए जागरूकता अभियानों को दिया।
उन्होंने बताया कि दस्तावेज सत्यापन में सफल हुए उम्मीदवार अभी मेडिकल के लिए सेना अस्पताल में उपस्थित होंगे। इन सभी सफल उम्मीद्वारों की मेरिट बनाई जाएगी और मेरिट में आये युवा ही सेना में ट्रेनिंग कर सैनिक बन देश सेवा का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। दौड़ में अजमेर जिले के उम्मीदवारों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा।
अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल हुए सफल उम्मीदवारों का सबसे ज्यादा प्रतिशत टेक्निकल केटेगरी वालों का रहा व आने वाले समय में भी यही उम्मीद है कि अधिक से अधिक उम्मीदवार सफल होने के लिए टेक्निकल एंट्री का प्रयोग करें। सेना द्वारा टेक्निकल एंट्री में बोनस मार्क्स भी सबसे ज्यादा दिए गए हैं।
पिछले आंकडों को देखे तो जिले के उम्मीदवारों में सेना के लिए रूचि बढ़ी है और यहाँ के पंजीकरण में आठ गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से आव्हान किया है कि किसी भी दलाल के झांसे में ना आए व ऐसे दलालों के बारे जानकारी देकर एक निडर व सच्चे सैनिक होने अवसर पाए। देश के अन्दर के दुश्मनों से लड़ने में सहयोग देकर आप एक सैनिक का कर्तव्य निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ही यह अवसर देती है कि आप एक दिन भी सेना में देश सेवा कर पूरी जिंदगी के लिए एक वीर, महावीर, परमवीर, महाराणा, बहादुर योद्धा का खि़ताब पा कर सम्मान के साथ जी सकते है।
भर्ती कार्यालय के निदेशक ने बताया कि जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से रैली के लिये सभी जरुरी तैयारियां पूरी की गई। विशिष्ट सेना अधिकारियों ने रैली के दौरान व्यवस्थाओं को देखा और प्रशंसा की।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!