Dark Mode
अजित पवार ने कल NCP की मीटिंग बुलाई

अजित पवार ने कल NCP की मीटिंग बुलाई

कहा- सभी सांसद, विधायक और नेता पहुंचें; शरद पवार की बैठक भी कल


मुंबई .  महाराष्ट्र में शिवसेना के बाद अब NCP भी दो गुटों में बंट गई है। पहला शरद पवार गुट और दूसरा अजित पवार ग्रुप। दोनों ने अपनी ताकत दिखाने के लिए कल यानी बुधवार को बैठक बुलाई है।

2 जुलाई को 8 विधायकों के साथ शपथ लेने के बाद अजित पवार और बाकी बागियों को शरद पवार ने NCP से निकाल दिया था। इसके बाद अजित पवार ने अपनी नई पार्टी बना ली। अजित ने मंगलवार को मुंबई में मंत्रालय के सामने अपने नए पार्टी दफ्तर का ऐलान किया और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कैबिनेट मीटिंग में भी शामिल हुए।

इसके बाद अजित पवार ने सभी NCP सांसदों, विधायकों, विधानसभा परिषद के सदस्यों, पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं को मंगलवार को बांद्रा के MET पहुंचने को कहा है।

शरद पवार ने भी मंगलवार को वाईबी चव्हाण सेंटर यानी NCP दफ्तर में पार्टी की मीटिंग की। इसमें कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले मौजूद रहीं। बुधवार को भी यहीं मीटिंग होगी। NCP के दोनों गुटों के अलावा शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और कांग्रेस ने भी बैठकें बुलाईं।
आज के बड़े अपडेट्स...

1. अजित के दफ्तर के उद्घाटन पर हुआ हंगामा
अजित पवार के नए पार्टी दफ्तर के उद्घाटन से पहले वहां हंगामा हुआ। अजित पवार समर्थकों ने आरोप लगाया कि PWD विभाग ने उन्हें दफ्तर की चाबी नहीं सौंपी थी। इसलिए गेट को धक्का मारकर खोला गया। हालांकि बाद में अजित वहां पहुंचे और पार्टी दफ्तर का उद्घाटन किया।

इस बीच अजीत के ऑफिस में अपनी तस्वीर लगाए जाने के बाद शरद पवार का बयान आया कि जिन लोगों ने मेरी विचारधारा को धोखा दिया, उन्हें मेरी तस्वीर का इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है।

2. प्रफुल्ल पटेल ने किया दावा- 51 विधायक भाजपा के साथ जाना चाहते थे, पवार ने रोका
प्रफुल्ल पटेल ने मंगलवार को दावा किया कि 2022 में 53 में से 51 NCP विधायकों ने शरद पवार से कहा था कि MVA सरकार गिरने के बाद भाजपा के साथ हाथ मिलाने की संभावना तलाशी जानी चाहिए। जयंत पाटिल भी इनमें से एक थे। पर शरद पवार ने सभी को ऐसा करने से रोक दिया।

3. कानूनी लड़ाई की तैयारी में शरद पवार
NCP संकट पर शरद पवार गुट के क्लाइड क्रैस्टो ने कहा, "अजित पवार गुट कानूनी दांव-पेच चल रहा है। हमें अपना काम करना होगा। NCP का मतलब अब भी शरद पवार ही है, घड़ी का चुनाव चिन्ह भी उनके पास है और वे अभी भी पार्टी के एक्टिव प्रेसिडेंट हैं।"

4. पूर्व CM पृथ्वीराज चव्हाण बोले- NCP की तस्वीर कल साफ होगी
महाराष्ट्र के पूर्व CM-कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि NCP के 53 विधायक थे, अगर 37 से ज़्यादा विधायक अजित पवार के साथ जाते हैं तो दल-बदल कानून से बच सकते हैं। अगर 35 से कम रहे तो निलंबन तय है। जो शिवसेना के समय हुआ था, वही होगा। तस्वीर कल तक साफ होगी।

5. उद्धव गुट के संजय राउत बोले- शरद पवार अकेले नहीं, हम उनके साथ
मंगलवार को महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उठा-पटक के बीच शिवसेना उद्धव गुट की मीटिंग हुई। जिसके बाद संजय राउत ने कहा कि शरद पवार अकेले नहीं पड़े हैं, हम उनके साथ है। वे बाला साहब ठाकरे जैसे ही हैं। एकनाथ शिंदे के पास कभी भी बारगेनिंग पावर नहीं थी। जो गुलाम होता है उसके पास पावर नहीं रहता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!