Dark Mode
अमित शाह की अपील : सिर्फ पौधा नहीं, भविष्य भी लगाइए

अमित शाह की अपील : सिर्फ पौधा नहीं, भविष्य भी लगाइए

अहमदाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। रविवार को अहमदाबाद में 'मिशन फाइव मिलियन ट्रीज' अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान शाह ने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों ने पिछले सात वर्षों में 7 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि देशभर में विकास के साथ-साथ हरित क्षेत्र बढ़ाने पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है।

गृह मंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में दिल्ली रिज क्षेत्र में भी 43 लाख पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में ऐसे देसी पौधों का चयन किया गया है, जो भारतीय जलवायु के अनुकूल हैं और एक सदी से भी अधिक समय तक जीवित रह सकते हैं। उनका कहना था कि आज लगाए गए ये पेड़ आने वाली कई पीढ़ियों को छाया और स्वच्छ वातावरण देंगे।

अमित शाह ने बरगद और पीपल जैसे वृक्षों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि ये केवल कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित नहीं करते, बल्कि पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भोजन, आश्रय और प्राकृतिक आवास भी उपलब्ध कराते हैं। इससे जैव विविधता को मजबूत करने में भी मदद मिलती है।

उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजन पार्क तितलियों और अन्य वन्यजीवों के लिए भी सुरक्षित आवास का काम करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'एक पेड़ मां के नाम' पहल का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि इस अभियान को लोगों का व्यापक समर्थन मिला है।

उन्होंने बताया कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1.37 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कर पांच-पांच पौधे लगाने का संकल्प लिया है। वहीं अहमदाबाद के अन्य संसदीय क्षेत्रों से भी हजारों नागरिक इस अभियान से जुड़े हैं। वैज्ञानिक योजना के तहत लोगों तक सीधे पौधे पहुंचाए गए ताकि वृक्षारोपण को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

गृह मंत्री ने उन निजी संस्थाओं की भी सराहना की, जिन्होंने लगाए गए पौधों को गोद लेकर उनकी सिंचाई, देखभाल और आवश्यकता पड़ने पर नए पौधे लगाने की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!