हत्या के प्रयास में वांछित एक आरोपित गिरफ्तार
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले में शनिवार को वांछित चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर कारखाना पुलिस को सूचना मिली कि एक वांछित आरोपित इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटवा और मधुराछापर के बीच स्थित पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कमधेनवा गांव निवासी धनंजय पाल के रूप में हुई है। वह हत्या के प्रयास से जुड़े एक मुकदमे में फरार चल रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं में भी कार्रवाई बढ़ाते हुए उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।