पशुपालन मंत्री ने पाली जिले में किया सहकारी गोदाम का लोकार्पण
जयपुर। पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने पाली जिले के विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत साण्डेराव मण्डल के ग्राम लापोद में श्लापोद ग्राम सेवा सहकारी समिति लि. के नवनिर्मित गोदाम का विधि-विधान से लोकार्पण किया। समारोह मे संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीणों के आर्थिक उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस आधुनिक गोदाम का निर्माण श्अन्न भंडारण योजनाश् के अंतर्गत किया गया है, जिसकी कुल क्षमता 500 मीट्रिक टन है। यह गोदाम राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के तहत स्वीकृत और निर्मित किया गया है। इस गोदाम के बनने से स्थानीय किसानों को अपनी उपज को सुरक्षित रखने में बड़ी मदद मिलेगी और उन्हें फसल कटाई के तुरंत बाद औने-पौने दामों पर उपज बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंत्री श्री कुमावत ने परिसर में श्एक पेड़ मां के नामश् राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय और सहकारी समिति के सदस्यों से आह्वान किया कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी जिम्मेदारी और देखभाल भी सुनिश्चित करें।
निर्माणाधीन जीएसएस का निरीक्षण
उद्घाटन समारोह से पहले कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नवनिर्मित गोदाम के सूक्ष्म अवलोकन के साथ-साथ कस्टमर हायरिंग सेंटर के आधुनिक कृषि उपकरणों का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने वहां निर्माणाधीन ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस) कार्यालय के भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को देखा और अधिकारियों को कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मौके पर ही दिए निर्देश
कार्यक्रम में मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने जनसुनवाई का आयोजन किया। इसमें लापोद और आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क, गोपालन और स्थानीय विकास से जुड़ी शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं। श्री कुमावत ने संवेदनशीलता के साथ सभी की समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।