राजस्थान उर्दू अकादमी, जयपुर के वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा
जोधपुर। राजस्थान उर्दू अकादमी,जयपुर ने एक प्रेस कांफ्रेंस में पिछले दो वर्षों 2021-2022, 2022-2023 सहित वर्तमान वर्ष 2023-2024 के लिये विभिन्न श्रेणियों में दिये जाने वाले प्रदेश भर के लगभग 40 साहित्यकारों, शिक्षाविद् और मीडिया कर्मियों के पुरस्कारों की घोषणा की। प्रेस कांफ्रेंस में राजस्थान उर्दू अकादमी, जयपुर के चेयरमैन तथा राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में उर्दू एवं फ़ारसी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. हुसैन रज़ा ख़ान ने बताया कि इस वर्ष से अकादमी एक लाख रूपये का फैलोशिप पुरस्कार शुरू कर रही है पहला फ़ैलोशिप पुरस्कार उर्दू अदब के प्रतिष्ठित शाइ़र और नक़्क़ाद शीन काफ़ निज़ाम को दिया जायेगा । अकादमी ने 70 वर्ष या 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के साहित्यिकारों के लिये भी विशिष्ट पुरस्कार शुरू किया है जिसके अंतर्गत राज्य के अन्य अदीबों के साथ जोधपुर के वरिष्ठ शाइ़र इक़बाल कैफ़ को पुरस्कृत किया जायेगा। हर वर्ष विविध श्रेणियों में दिये जाने वाले पुरस्कारों में शाइ़री और अध्यापन के लिये दिया जाने वाला प्रतिष्ठित क़मर वाहिदी अवार्ड (इनामी राशि 21000/-) 2021-2022 के लिये जोधपुर के शाइ़र एवं उर्दू व्याख्याता इश्राक़ुल इस्लाम माहिर को दिया जायेगा। प्रतिष्ठित शाइ़र चांद बिहारीलाल ’सबा’ अवार्ड (इनामी राशि 15000/-) 2023-2024 के लिये जोधपुर के शाइ़र मुह़म्मद अफ़ज़ल जोधपुरी को प्रदान किया जायेगा वहीं मीडिया के लिये बेदिल बीकानेरी अवार्ड (इनामी राशि 11000/-) 2023-2024 के लिये जोधपुर के जर्नलिस्ट राजीव गौड़ को दिया जायेगा। उर्दू शिक्षण 11000/- रूपये की इनामी राशि के साथ दिया जाने वाला मास्टर अब्दुस्सलाम अवार्ड जोधपुर की दो अध्यापिकाओं क्रमश फ़रज़ाना परवीन को वर्ष 2023-2024 के लिये और नसीम बानो को 2021-2022 के लिये पुरस्कृत किया जायेगा। ज्ञातव्य है कि आगामी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जयपुर के रवींद्र मंच पर आयोज्य सम्मान समारोह के तहत इन पुरस्कारों का दिया जाना अपेक्षित है। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर अकादमी चेयरमैन ने अकादमी के आगामी आयोजनों से संबंधित जानकारी भी दी जिसमें दिवंगत शाइ़रों के शहर में उन पर आधारित सेमिनारों की घोषणा महत्वपूर्ण है।