सुंदरपुरा में वार्षिक अधिवेशन शुरु सेवा का पहला पाठ स्काउटिंग शिवराज सिंह
पलसाना। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ पलसाना का स्काउटर- गाइडर अभिनवन शिविर मंगलवार को सुंदरपुरा में शुरू हुआ । पलसाना सीबीईओ एवं प्रभारी सहायक जिला आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा के निर्देशन में राजकीय संस्कृत उच्च प्राथमिक विद्यालय सुंदरपुरा में प्रारंभ हुए स्काउटर - गाइडर अभिनवन शिविर के मुख्य अतिथि रिछपाल सिंह खोखर थे। प्रथम दिवस प्रातः 9 बजे कार्यकारिणी के पदाधिकारी स्काउटर- गाइडर की मौजूदगी में ईश वंदना के साथ कार्यक्रम संचालित किया गया। सचिव पवन कुमार शर्मा ने गत साल सामोताकाबास में आयोजित हुए स्काउटर गाइडर अभिनव शिविर की कार्यवाही सदन में रखी। सीनियर स्काउटर सांवरमल छब्बरवाल ने स्काउटर गाइडर के प्रगतिशील प्रशिक्षण के बारे में जानकारी देते हुए स्काउटर व संस्था प्रधान के दायित्व, स्काउट यूनिफॉर्म, ट्रूप रिकॉर्ड, अभिलेख संधारण, कुशल नेतृत्व आदि के बारे में बताया । साथ ही बताया गया कि सितंबर माह में आयोजित स्थानीय संघ प्रतियोगिता रैली में अधिकाधिक ग्रुप़ों का रजिस्ट्रेशन हो। तथा टोली विधि पेट्रोल सिस्टम से कार्य करने की बात को अमलीजामा पहनाया गया। स्काउटर विनोद कुमार शर्मा ने प्रपत्र नंबर एक और दो जांच शिविर के तुरंत बाद स्थानीय संघ मुख्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। ताकि जिला मुख्यालय को नियत समय पर भेजा जा सके। कोषाध्यक्ष पप्पूराम मीणा ने बकाया कोटामनी जुलाई के अंतिम सप्ताह तक ट्रेनिंग काउंसलर या स्थानीय संघ मुख्यालय पर जमा कराना अनिवार्य है। मुख्य अतिथि शिवराज सिंह ने कहा कि स्काउटिंग का पहला पाठ सेवा है। स्काउट गाइड के द्वारा किया जाने वाला सेवा कार्य वास्तव में अनुकरणीय है । विशेषकर बाबा श्याम के लक्खी मेले में अपने क्षेत्र के स्काउट गाइड के सेवा का जज्बा देखते ही बनता है। स्काउटर गणेश राम निठारवाल ने विद्यालय शुरू होने के साथ अधिकाधिक वृक्षारोपण कर रिपोर्ट भेजने की बात पर जोर दिया। स्काउटर सुरेश कुमार टेलर ने प्रधानमंत्री एवं उपराष्ट्रपति शील्ड प्रतियोगिता के रजिस्ट्रेशन काम करने का तरीका आदि पर प्रकाश डाला। सचिव शर्मा ने बताया कि दूसरे दिन बुधवार को स्थानीय संघ पलसाना का वार्षिक अधिवेशन होगा । जिसमें स्काउटर गाइडर के अलावा समस्त संस्था प्रधान, कार्यकारिणी सदस्य, पदाधिकारी, मानद आजीवन सदस्य वार्षिक अधिवेशन में सहभागिता करेंगे। जहां स्थानीय संघ द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा के साथ स्थानीय संघ की उत्तरोत्तर प्रगति के लिए विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए जाएंगे।
वार्षिक बजट एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। तथा सितंबर माह में प्रस्तावित प्रतियोगिता रैली की पूर्व तैयारी रजिस्ट्रेशन सहित विभिन्न बिंदुओं पर मंथन होगा।