निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही असहनीयः जिला निर्वाचन अधिकारी
श्रीगंगानगर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव 2026 एक समयबद्ध व महत्वपूर्ण कार्य है, जिसका नियत अवधि के अनुसार सम्पादित किया जाना आवश्यक है। निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही असहनीय होगी। डॉ. यादव मंगलवार को एमडी बीएड कॉलेज में आयोजित मतदान दलों के पीआरओ के प्रशिक्षण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण जितना अच्छा लेंगे, मतदान का कार्य उतना ही गुणवत्तापूर्ण सम्पन्न होगा। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका साथ लेकर न जायें, शंका का निवारण प्रशिक्षण स्थल पर ही करें। मतदान दलों को निर्धारित रूटचार्ट के अनुसार अपने गन्तव्य पर जाना होता है। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को निष्पक्ष व पारदर्शिता के साथ चुनाव कार्य को सम्पन्न करवाना है। जो मतदान केन्द्र आवंटित हुआ है, वहां किसी भी मिलने वाले या रिश्तेदार के नहीं जायेंगे और न ही किसी प्रकार का आतिथय स्वीकार करेंगे। आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों की अक्षरशः पूरी पालना सुनिश्चित करेंगे। निर्धारित प्रपत्रों की पूर्ति मतदान से पूर्व के कार्य, मतदान के समय तथा मतदान की समाप्ति के बाद प्रपत्रों को भरना, सीलिंग का कार्य बहुत ही सावधानीपूर्वक किया जाना है। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, एडीएम सूरतगढ़ श्री भवानी सिंह पंवार, राजस्व अपील अधिकारी श्री कैलाशचंद शर्मा उपस्थित रहे। सहायक प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण श्री सुरेन्द्र कुमार, श्री राजन शर्मा व श्री हंसराज ने सैद्धांतिक व प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 400 पीआरओ ने भाग लिया।