Dark Mode
उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन शुरू

उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन शुरू

चूरू। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राज्य के मूल निवासी पात्र विद्यार्थियों के लिए संचालित उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के ऑनलाइन आवेदन 15 अगस्त से 31 अक्टूबर तक किए जा रहे है, आवेदन विभाग के छात्रवृत्ति पोर्टल तथा एसएसओ के माध्यम से किए जाएंगे। उप निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग चूरू के.के. चंद्रवंशी ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय तथा मिरासी एवं भिश्ती समुदाय के पात्र विद्यार्थियों को नियमानुसार उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है। छात्रवृत्ति के लिए पात्रता हेतु परिवार की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपए है। वहीं मुख्यमंत्री सर्वजन उच्च शिक्षा उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की पात्रता हेतु वार्षिक आय सीमा 5 लाख रुपए से कम है। उन्होंने बताया कि आवेदन से पूर्व विद्यार्थियों के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन कराना होगा जिसके लिए ई-केवाईसी एवं चेहरा प्रमाणीकरण भी आवश्यक है। आवेदन एसएसओ आईडी के माध्यम से बायोमेट्रिक अथवा चेहरा प्रमाणीकरण के बाद ही स्वीकार किए जाएंगे। छात्रवृत्ति का भुगतान आधार सीडेड, डीबीटी सक्षम एवं पूर्ण केवाईसी वाले बैंक खाते में होगा । विद्यार्थी आवेदन करते समय छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रदर्शित मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान एवं उसके मान्य पाठ्यक्रम का ध्यानपूर्वक चयन करें। शिक्षण संस्थाओं को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे पोर्टल पर फीस स्ट्रक्चर सहित सभी सूचनाएं समय पर अपडेट करें।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!