बौंली के बिहारी मंदिर से अष्ट धातु निर्मित मूर्तियां चोरी
चोरों ने पुलिस के साथ दी भगवान को चुनौती राधा कृष्ण की मूर्ति चोरी से सूना हुआ मंदिर
बौंली. उपखंड क्षेत्र में चोरों का आतंक इस कदर बढ़ा हुआ है की उनके द्वारा दुकानों, मकानों व बैंकों को निशाना बनाने के बाद अब उनकी नजरें मंदिरों पर लगी है अज्ञात चोरों ने शुक्रवार रात बौंली कस्बे के दो मंदिरों के साथ एक मुस्लिम परिवार के सूने मकान को निशाना बना चोरी की बड़ी तीन वारदातों को अंजाम दे पुलिस के साथ भगवान को सीधे चुनौती दे डाली चोरों के हौंसले इस कदर बुलंद है कि वे एक वारदात के बाद कुछ समय का अंतराल दे फिर चोरी की वारदातों को अंजाम दे पुलिस को सीधी चुनौती दे डालते हैं चोर हाथ पर हाथ साफ करने में पीछे नही रहते व पुलिस के हाथ खाली पड़े रहते हैं जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर शुक्रवार रात पुलिस गश्त को धत्ता बता कस्बे के झरझरीबाग स्थित बिहारी जी व सूर्यमुखी हनुमान मंदिर से नगदी, कीमती सामान व राधा कृष्ण की रजवाड़ों के समय की प्राचीन अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ले गए मंदिरों से बड़ी चोरी की वारदातों के साथ उन्होंने मुस्लिम चौधरियान मौहल्ले के मौहम्मद सादिक के सूने मकान से नगदी, कीमती जेवरात व घरेलु कीमती सामान की चोरी को आसानी से अंजाम दिया मंदिर से चोरी की वारदात का पता अलसुबह संबंधित पुजारियों के मंदिर पर सेवा पूजा करने के लिए पहुंचने पर लगा उन्होंने लोगों को जानकारी दी, पुलिस को भी सूचना मिलने के बाद थानाधिकारी कुसुम लता मीणा मौके पर पहुंची व मंदिरों से हुई चोरी की वारदातों का जायजा लिया सूचना मिलने पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे , उन्होंने मंदिरों से हो रही चोरी की वारदातों पर अपना आक्रोश जाहिर किया इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामअवतार मीणा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र वास्तव सहित पुष्पेंद्र सिंह, महेश शास्त्री, गोविंद नारायण भदौरिया, हनुमत दीक्षित सहित अनेकों कार्यकर्ताओं ने थानाधिकारी को हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन देकर 24 घंटे के अंदर मंदिरों से हुई चोरियों का खुलासा करने व भगवान राधा कृष्ण की कीमती अष्टधातु की मूर्तियों को बरामद करने की मांग की है उधर मुस्लिम परिवार में हुई चोरी के मामले में पीड़ित के भाई शाकिर ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके बड़े भाई सादिक़ के विदेश में होने तथा उनकी पत्नी के बीमार होने से पीहर पक्ष में रहने के कारण उनके मकान पर अभी कोई नहीं था ऐसे में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बना मकान के सभी कमरों में रखे सामान को यत्र तत्र बिखेर दिया व अलमारी में रखे कीमती जेवर नगदी सहित जरूरी कीमती घरेलू सामान को चुरा लिया यहां मुख्यालय पर आए दिन चोरी की वारदातें घटित होने से आमजन खौफ के साए में है लेकिन पुलिस के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। लोगों का कहना है कि आखिर इस राज में हो क्या रहा है?सत्तासीन विधायक के गृह क्षेत्र बौंली कस्बे में आए दिन चोरियां हो रही है, पुलिस अधिकारी गश्त का दावा करते है जब तब सीएलजी की बैठकों में दिखावे के कई राग अलापे जातें हैं लेकिन न चोरियां रुक रही व न ही चोर पकड़ में आ रहे। पुलिस ने आज तक चोरियों का खुलासा नहीं किया। अज्ञात चोर पुलिस की गश्त को धत्ता बताते हुए मनचाही जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे देते हैं व पुलिस हाथ मलती रह जाती है। इसमें उपखंड मुख्यालय की स्थिति बहुत ही गंभीर बनी हुई है। अब तक यहां सैकड़ों चोरियां हो चुकी लेकिन पुलिस के द्वारा किसी भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाना पुलिस की कार्यशैली पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। चोरियों पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी लोगों को अखर रही है।लोगों को घरों को सूना छोड़ना भारी पड़ रहा है। उन्हें अब अपने घरों से निकलने से पहले गंभीर होकर सोचना पड़ता है। यहां लोग न सुकून से रात को सो पाते व न ही कहीं इधर-उधर आ जा पाते। अज्ञात चोर रात के साथ-साथ मौका लगते ही दिन में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दे देते हैं । पुलिस की निष्क्रियता से छोटी मोटी चोरियों की तो लोग पुलिस में रिपोर्ट देना ही मुनासिब नहीं समझते लेकिन बड़ी वारदातों का भी खुलासा नहीं हो पा रहा। बैंक एटीएम चोरी को लेकर पुलिस टीमों के हाथ अभी खाली है जबकि 17 फरवरी को भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामअवतार मीणा के द्वारा थाने में पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण तेज पाठक को ज्ञापन देने के दौरान उनके द्वारा सात दिवस में बैंक चोरी का खुलासा करने सहित अन्य चोरियों का खुलासा करने का आश्वासन दिया था लेकिन न बैंक चोरी का व न हीं किसी अन्य चोरी का आजतक खुलासा हुआ उल्टे चोरियां होने का सिलसिला बदस्तूर जारी है किसी भी चोरी का खुलासा नहीं होने से अज्ञातचोर बेखौफ है तथा वे बड़ी चोरी की वारदातों को बखूबी अंजाम देने में लगे हैं। लोगों ने चोरी की वारदातों पर अंकुश लगा अब तक हुई चोरियों का खुलासा करने की मांग की है। गौरतलब है कि सूर्यमुखी हनुमान मंदिर पर गत वर्ष भी चोरी की वारदात हो चुकी है उस समय भी कस्बे के करीबन 5 मंदिरों में चोरी की वारदातें घटित हुई थी लेकिन उन चोरी की वारदातों का भी आज दिन तक खुलासा नहीं हो पाया ऐसे में धार्मिक स्थलों से होने वाली चोरी की वारदातों को लेकर आमजन में आक्रोश है