विराट कोहली को ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने कहा जोकर, भड़क गए सुनील गावस्कर
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस समय काफी चर्चा में हैं। वह एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के निशाने पर आ गए हैं। शुक्रवार के अखबार में कोहली को जोकर और रोने वाला बच्चा तक कहा गया। जिसके बाद दिग्गज सुनील गावस्कर इसे लेकर ऑस्ट्रेलियाई मीडिया पर भड़के हैं। उन्होंने और इरफान पठान ने आरोप लगाया कि ऑस्ट्रेलियाई मीडिया केवल कोहली की लोकप्रियता का फायदा उठा रही है। मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मैच खेला जा है। जहां पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने कोहली को किंग कहा था।
सीरीज को युगों की लड़ाई कहा गया था। लेकिन अब गुरुवार को विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज सैम कोनस्टास को कंधे से टक्कर मारी थी। इसी कारण अब वह ऑस्ट्रेलियाई फैन और मीडिया के निशाने पर आ गए हैं। सुनील गावस्कर ने कहा कि, ऑस्ट्रेलियन मीडिया टीम के 12वें खिलाड़ी की तरह है। वे हमेशा उस प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को निशाना बनाते हैं जो उनकी टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा होता है। हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि विराट कोहली को कवर पर रखने से अखबार बिकते हैं। कोहली के कप्तान नहीं होने के बावजूद उन्होंने पैट कमिंस के साथ उनकी तस्वीर प्रदर्शित की- ये सब सनसनीखेज है।