बालिका स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम
भीलवाड़ा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत श्री नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया, उप निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशन में बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं एनीमिया रोकथाम को लेकर राबाउमावि मंगरोप, राउमावि मंगरोप एवं राबाउमावि भोली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र की केन्द्र प्रबंधक गंगा दाधीच ने बालिकाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरन एवं आवश्यक पोषक तत्वों की उपयोगिता, एनीमिया से बचाव तथा माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन की जानकारी दी। बालिकाओं को पर्याप्त पानी पीने तथा हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।विधिक परामर्शदाता सुमन खोईवाल, मनो-सामाजिक परामर्शदाता सुनीता शर्मा एवं सामाजिक परामर्शदाता सीमा शर्मा ने किशोरावस्था में उचित पोषण, स्वच्छता तथा शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व पर जानकारी दी। साथ ही, किसी भी समस्या अथवा असुरक्षित स्थिति में अभिभावक, शिक्षक या संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी एवं संवेदनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी साझा की गई। सही उत्तर देने वाली बालिकाओं को पारितोषिक तथा सभी उपस्थित बालिकाओं को गुड़ एवं चने के पैकेट वितरित किए गए। प्रधानाचार्य श्रीमती वंदना कोशिक, मंगरोप, श्रीमती रीना खोईवाल, मंगरोप एवं श्रीमती शिल्पा सोलंकी, भोली ने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को सशक्त बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित एवं जागरूक बालिका ही सशक्त परिवार और समाज की आधारशिला है। कार्यक्रम में ग्राम साथिन सपना खटीक एवं बबली तेली भी उपस्थित रहीं।