बदहाल सफाई व्यवस्था,दुकानदार कर रहे नालियों की साफ सफाई
पीलीबंगा। कस्बे में साफ-सफाई का जनाजा निकला हुआ है। जगह-जगह कूड़े करकट और नालियों में कई दिनों से अटी पड़ी गंदगी से वार्डवासी एवं दुकानदार परेशान हैं।बाजार के मुख्य मार्ग के दोनों ओर घरों और दुकानों के गंदे पानी की निकासी की नालियों में गंदगी, पॉलीथिन व कूड़ा करकट फंसा पड़ा है, जिससे नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मार्ग में बिखर रहा है।रास्ते सेआमजन को निकलना बड़ा मुश्किल है।वही इससे मक्खी मच्छर के पनपने से गंभीर बीमारियों के फैलने का भी अंदेशा है।त्रस्त वार्ड वासी एवं दुकानदारों ने शुक्रवार को नाली की साफ सफाई की।पुरानी नगर पालिका एवं गुरुद्वारा रोड पर स्थित मेडिकल स्टोर संचालक प्रशांत आहूजा और भूपेंद्र सिंह विशु आदि ने नाली में जमा कीचड़ और गंदगी को बाहर निकालकर उसे एक साइड में किया। वहीं अन्य दुकानदारों ने भी कहा कि नियमित रूप से साफ सफाई नहीं होने से जगह-जगह लगे कूड़ा करकट के ढेर से आमजन परेशान हैं।
इनका कहना है-
सफाई व्यवस्था के लिए जल्द ही स्पेशल अभियान चलाकर इस समस्या को दुरुस्त कर दिया जाएगा।समय-समय पर वार्डों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया जाएगा। सफाई व्यवस्था में कहीं कोई खामी है तो उसे दूर किया जाएगा।
पवन चौधरी,अधिशासी अधिकारी,नगर पालिका मंडल पीलीबंगा।